< Back
Lead Story
Brahma Muhurta: ब्रह्म मुहूर्त में काम करने से होते हैं ये फायदे...
Lead Story

Brahma Muhurta: 'ब्रह्म मुहूर्त' में काम करने से होते हैं ये फायदे...

Raj Singh
|
23 May 2024 7:30 PM IST

Benefits of Brahma Muhurta: हिंदू धर्म में 'ब्रह्म मुहूर्त' का विशेष महत्व माना गया है। इस मुहूर्त को लेकर कहा जाता है कि इस समय सभी देवी-देवता स्वर्ग लोक से पृथ्वी पर भ्रमण करने के लिए आते हैं। इसलिए इस मुहूर्त में जागने वाले लोगों पर देवताओं की विशेष कृपा बरसती है। तो आइए जानते हैं कि आखिर ये ब्रह्म मुहूर्त होता क्या है और इसमें काम करने से फायदे क्या होते हैं?

हिंदू धर्म के मुताबिक, रात्रि 12 बजे से प्रातः 4 बजे तक आसुरी और गुप्त शक्तियों का प्रभाव रहता है। ब्रह्म मुहूर्त में यानी 4 बजे के बाद ईश्वर का वास होता है। धार्मिक ग्रंथों के मुताबिक, ब्रह्म मुहूर्त वो समय होता है जब देवता धरती पर आते हैं और उस समय सभी धार्मिक स्थलों के पट खोल दिए जाते हैं। वहीं ब्रहम मुहूर्त में देवताओं को नमन करने से उनकी कृपा जातकों पर बनी रहती है।

इन सबके अलावा वैज्ञानिक रिसर्च की मानें तो, प्रात: काल उठने से हमारा तन और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं और शरीर में ऊर्जा का संचार होता है। यही वजह है कि हमारी प्राचीन परंपराओं में सुबह उठने का समय भी तय किया गया है।

'ब्रह्म मुहूर्त' का अर्थ

ब्रह्म मुहूर्त शब्द में 'ब्रह्म' का अर्थ 'परमात्मा' और 'मुहूर्त' का अर्थ 'समय' होता है। हिंदू धार्मिक ग्रंथों के मुताबिक, ब्रह्म मुहूर्त का अर्थ हुआ परमात्मा का समय। ब्रह्म मुहूर्त रात्रि प्रहर के बाद और सूर्योदय से ठीक पहले का समय होता है। शास्त्रों की मानें तो, सुबह 4 बजे से सुबह 5:30 के बीच का समय ब्रह्म मुहूर्त होता है।

'ब्रह्म मुहूर्त', यानी कि रात्रि का अंतिम प्रहर या सूर्योदय से डेढ़ घंटे पहले का समय। सूर्योदय से चार घड़ी (लगभग डेढ़ घण्टे) पूर्व ब्रह्म मुहूर्त में ही जग जाना चाहिए। इस समय सोना शास्त्र निषिद्ध है।

ब्रह्म मुहूर्त में उठने के क्या हैं फायदे?

सुबह उठने की आदत को विज्ञान की दृष्टि से भी बहुत अच्छा माना गया है। ब्रह्म मुहूर्त में उठने से व्यक्ति का शरीर सकारात्मक और दिनभर ऊर्जा से भरा रहता है साथ ही शारीरिक शक्ति भी बढ़ती है। रिसर्च में पाया गया है कि जो व्यक्ति ब्रह्म मुहूर्त यानी सुबह में उठता है उसका स्वास्थ्य अच्छा रहता है। साथ ही उसे सुख-समृद्धि, बुद्धि, विद्या और सौंदर्य की प्राप्ति होती है।

Similar Posts