< Back
Lead Story
पुडुचेरी विधाजसभा में भाजपा जीत दर्ज कर सरकार बनाएगी : जेपी नड्डा
Lead Story

पुडुचेरी विधाजसभा में भाजपा जीत दर्ज कर सरकार बनाएगी : जेपी नड्डा

स्वदेश डेस्क
|
31 Jan 2021 4:25 PM IST

पुडुचेरी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत होगी और यहां सरकार बनाएंगे। उन्होंने चुनाव में 23 से अधिक सीटें जीतने का दावा किया।

नड्डा रविवार को यहां एएफटी मैदान पर एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर कांग्रेस के तमाम कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया। नड्डा ने कहा कि इस केन्द्र शासित राज्य में भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में 23 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज कर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद हम स्थानीय निकाय के चुनाव कराएंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि कांग्रेस के जो वरिष्ठ नेता पार्टी छोड़ रहे हैं, मैं उनका स्वागत करता हूं और उन्हें यह विश्वास दिलाता हूं कि आपके समर्थन से हम पुड्डुचेरी में बदलाव की शुरुआत करेंगे और कमल खिलेगा।

उन्होंने कहा कि जब पुड्डुचेरी के मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी केन्द्र सरकार में मंत्री थे तो उन्होंने झारखंड का 5,000 करोड़ का कर्ज माफ किया लेकिन उन्होंने पुड्डुचेरी का कर्ज माफ न करके पुड्डुचेरी के साथ इंसाफ नहीं किया है। नड्डा ने कहा कि भारत अब 14 देशों को कोरोना की वैक्सीन उपलब्ध करा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वादा किया है कि दुनिया में जिसे भी भारत की वैक्सीन चाहिए, हम उन्हें वैक्सीन मुहैया कराएंगे।

जनसभा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा की मौजूदगी में पुड्डुचेरी के पूर्व लोक निर्माण मंत्री ए नमाशिवायम के समर्थक और पुड्डुचेरी और करईकल क्षेत्र के तमाम कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो गये।सभा के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पुडुचेरी में तमिल कवि सुब्रमण्यम भारती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

Similar Posts