< Back
Lead Story
भोपाल वार्ड 48 के पार्षद अरविंद वर्मा

BJP पार्षद को मिला नोटिस, वीडियो जारी कर अरविंद वर्मा बोले - मुझसे बदला लिया

Lead Story

Bhopal Ward 48: BJP पार्षद को मिला नोटिस, वीडियो जारी कर अरविंद वर्मा बोले - मुझसे बदला लिया, महिलाओं ने की थी पिटाई

Gurjeet Kaur
|
30 Sept 2024 2:03 PM IST

Bhopal Ward 48 Councilor Arvind Verma : भोपाल। BJP पार्षद अरविंद वर्मा को पार्टी ने नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। भोपाल वॉर्ड 48 के पार्षद की रविवार को कुछ महिलाओं ने पिटाई कर दी थी। महिलाओं ने भाजपा पार्षद पर छेड़छाड़ का आरोप भी लगाया था। वहीं इस मामले में बीजेपी पार्षद ने वीडियो जारी कर कहा कि, यह सब मेरी गुमठी विरोधी मुहीम का नतीजा है। पुलिस ने महिलाओं के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया है जबकि बीजेपी पार्षद के खिलाफ छेड़छाड़ के आरोप की जांच की जा रही है।

BJP पार्षद अरविंद वर्मा ने वीडियो जारी कर बताया कि, मैं अपने परिवार में पहला इंजिनियर हूँ। मैंने मल्टीनेशनल कंपनी की नौकरी छोड़ी ताकि राजनीति कर सकूँ। मैंने तय किया था कि, अपने वार्ड को गुमठी मुक्त बनाऊंगा। मैं गुमठी माफिया के कृत्य से आहात हूँ। मैंने अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर चलवाये तो मुझे बुलडोजर पार्षद कहा जाने लगा।

खुद को निर्दोष बताते हुए BJP पार्षद अरविंद वर्मा ने कहा - जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है वह मेरी छवि खराब करने की एक साजिश है। जिन्होंने मुझ पर हमला किया वे आदतन अपराधी हैं। मेरी जान खतरे में है और इस घटना के बाद मेरा परिवार सदमें में हैं।

पार्टी ने तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा :

बता दें कि, जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी ने इस वीडियो के वायरल होने पर अरविन्द वर्मा से स्पष्टीकरण मांगा है। इसके लिए अरविन्द वर्मा को तीन दिन का समय दिया गया है। स्पष्टीकरण न देने पर कठोर कार्रवाई की बात भी कही गई है।

दरअसल, राजधानी भोपाल से वार्ड 48 के भाजपा पार्षद अरविंद वर्मा की पिटाई का एक वीडियो सामने आया था। इस वीडियो में अरविंद वर्मा को कुछ महिलाएं पीटती नजर आ रहीं थीं। महिलाओं ने भाजपा पार्षद पर छेड़छाड़ का आरोप भी लगाया था।

भोपाल के वार्ड 48 के पार्षद अरविंद वर्मा की कैंपियन स्कूल हॉकर्स कॉर्नर पर पिटाई की गई थी। महिलाओं और बीजेपी पार्षद के साथ आए लोगों के बीच मारपीट के साथ - साथ गाली गलौच भी हुई थी।

जानकारी के अनुसार पारस मीना नाम के व्यक्ति और अरविंद वर्मा के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद महिलाओं ने अरविंद वर्मा को घेरकर थप्पड़ मारे। दोनों पक्ष मारपीट के बाद पुलिस थाने पहुंचे। पार्षद की शिकायत पर महिलाओं (सास - बहु) के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। वहीं पुलिस का कहना है कि, महिलाओं द्वारा लगाए गए छेड़छाड़ के आरोप की जांच के बाद आगे की कार्यवाई की जाएगी।

Similar Posts