< Back
Lead Story
भोपाल नगरीय प्रशासन ने बहनों के दिया रक्षाबंधन का अनोखा उपहार...
Lead Story

Raksha Bandhan 2024: भोपाल नगरीय प्रशासन ने बहनों के दिया रक्षाबंधन का अनोखा उपहार...

Swadesh Digital
|
19 Aug 2024 11:06 AM IST

भोपाल: मध्‍यप्रदेश की राजधानी रक्षाबंधन के दिन बहनों को खुश करने का कोई भी मौका नहीं छोड़ना चाहती, भोपाल 'नगरीय प्रशासन' ने आज के दिन सभी महिलाओं को सिटी बसों में मुफ्त यात्रा का तोहफा दिया है।

सभी महिलाएं सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। एमआईसी (मेयर इन काउंसिल) में प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। इसको लेकर आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। बसों का संचालन बीसीएलएल (भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड) करता है।

भोपाल में कुल 25 रूटों पर कुल 368 सिटी बसें चलती हैं। इनमें से 140 बसें पिछले एक महीने से बंद हैं। ऐसे में बची हुई 228 बसों में सोमवार 19 अगस्त को महिलाएं यात्रा कर सकेंगी।

महापौर मालती राय ने बताया कि हर साल रक्षाबंधन पर बहनों को अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए एक जगह से दूसरी जगह जाना पड़ता है। नगर निगम की ओर से बहनों को तोहफा दिया जाता है। इस बार भी यह तोहफा दिया गया है। एमआईसी ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

ये बसें शहर के सभी इलाकों को कवर करती हैं। ये बसें बैरागढ़ के पास चिरायु अस्पताल से अवधपुरी, न्यू मार्केट, अयोध्या बायपास, करोंद, एमपी नगर, मिसरोद, मंडीदीप, भोजपुर, होशंगाबाद रोड, कटारा हिल्स, बैरागढ़ चीचली, कोलार रोड, गांधीनगर, बंगरसिया, रायसेन रोड, लांबाखेड़ा, नारियलखेड़ा, भौंरी समेत अधिकांश शहरी इलाकों में चलती हैं।

एक दिन में डेढ़ लाख यात्री करते हैं सफर

भोपाल में सिटी बसों में एक दिन में डेढ़ लाख से ज्यादा लोग सफर करते हैं। इनमें से 40 फीसदी तक यानी करीब 60 हजार महिला यात्री होती हैं।

रक्षाबंधन के दिन यह संख्या 70 हजार तक पहुंच सकती है। कामकाजी लोगों के अलावा छात्र भी बसों से सफर करते हैं। जिन्‍हें 7 रुपए से अधिकतम 42 रुपए तक किराया देना पड़ता है।

Similar Posts