< Back
Lead Story
Assembly By-Election Result : सीएम सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर जीतीं, बाकि सीट का क्या है हाल

Assembly By-Election Result

Lead Story

Assembly By-Election Result : सीएम सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर जीतीं, बाकि सीट का क्या है हाल

Gurjeet Kaur
|
13 July 2024 2:01 PM IST

Assembly By-Election Result : हिमाचल प्रदेश में कमलेश ठाकुर की जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया।

Himachal Pradesh Assembly By-Election : कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश। विधानसभा सीट पर उप चुनाव के नतीजे आ गए हैं। हिमाचल में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी देहरा से मैदान में उतरी थीं। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार होशियार सिंह को 9399 वोट से हरा दिया है।10 जुलाई को मतदान हुआ था और शनिवार को इन सीटों मतगणना की जा रही है। हिमाचल की हमीरपुर और नालागढ़ सीट पर भी मतगणना हुई। नालागढ़ से कांग्रेस के हरदीप सिंह बावा तो हमीरपुर से भाजपा के आशीष शर्मा ने जीत दर्ज की है।

हमीरपुर में भाजपा प्रत्याशी आशीष शर्मा का मुकाबला कांग्रेस के पुष्पेंद्र वर्मा से था। आशीष शर्मा ने कांग्रेस प्रत्याशी को 1571 वोट से हराया है। वहीं नालागढ़ सीट से कांग्रेस के हरदीप सिंह बावा जीते हैं। उन्होंने भाजपा के केएल ठाकुर को 8990 वोट से हराया है। इस तरह हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस 2 और भाजपा ने 1 सीट पर जीत दर्ज की है।

देहरा विधानसभा उपचुनाव जीतने पर सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर ने कहा, "पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस दिन के लिए दिन-रात काम किया। मैं इसका पूरा श्रेय उन लोगों को दूंगी जो पार्टी के साथ खड़े रहे। मुझे देहरा के लोगों पर गर्व है।"

हिमाचल प्रदेश की तीन में से दो विधानसभा सीट जीतने पर सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, "हिमाचल की जनता ने हमें 2022 में 40 सीटें दी हैं। पिछले दिनों राज्य की राजनीति में जिस तरह की खरीद-फरोख्त हुई, उसका लोगों ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। इससे यह संदेश भी गया कि राज्य की जनता जागरूक और सजग है और इस तरह की खरीद-फरोख्त नहीं चलेगी। तीन निर्दलीय विधायकों के पास इस्तीफा देने का कोई कारण नहीं था। वे आसानी से भाजपा के साथ गठबंधन कर सकते थे, लेकिन उन्होंने भी अपना सबक सीख लिया।"

उन्होंने आगे कहा कि, "मैंने देहरा निर्वाचन क्षेत्र के लिए अपना सब कुछ झोंक दिया था। मैं कमलेश ठाकुर को सीट जीतने के लिए बधाई देना चाहता हूं। देहरा से अपनी पत्नी को मैदान में उतारने का कारण कांग्रेस का कांगड़ा में प्रवेश और घाटी के विधायकों की संख्या बढ़ाना था। तीनों सीटें भाजपा का गढ़ हैं और हमने उनमें से दो जीती हैं, यह बड़ी बात है।"

Similar Posts