< Back
Lead Story
मेले में भीड़ देखकर भड़के हाथी ने मचाया कोहराम, 17 लोग घायल, घटना का वीडियो वायरल...
Lead Story

केरल: मेले में भीड़ देखकर भड़के हाथी ने मचाया कोहराम, 17 लोग घायल, घटना का वीडियो वायरल...

Swadesh Digital
|
8 Jan 2025 3:26 PM IST

मल्लप्पुरम, केरल: केरल के मल्लप्पुरम जिले के तिरुर में आयोजित एक उत्सव के दौरान एक हाथी के बेकाबू हो जाने से हड़कंप मच गया जिससे लगभग 17 लोगों के घायल होने की खबर सामने आयी है। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस भयावह घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

क्या हुआ घटना के दौरान?

घटना रात करीब 12:30 बजे हुई, जब उत्सव में मौजूद भीड़ के बीच हाथी अचानक बेकाबू हो गया। वीडियो में दिख रहा है कि हाथी ने एक व्यक्ति को अपनी सूंड से उठाकर हवा में फेंक दिया। इसके बाद भगदड़ मच गई, और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

घटनास्थल पर अफरा-तफरी

घटना के दौरान कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए हाथी को नियंत्रित करने की कोशिश की। उन्होंने रस्सी का सहारा लेकर हाथी के पैरों को बांधने का प्रयास किया। यदि ऐसा नहीं होता, तो यह हादसा और भी भयानक हो सकता था। रात करीब 2:15 बजे महावत ने किसी तरह हाथी को काबू में किया।

घायलों का हाल

घटना में घायल हुए 17 लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि कुछ की हालत गंभीर है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर किया गया है।

वीडियो वायरल, लोग दहशत में

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हाथी ने किस तरह भीड़ के बीच कोहराम मचाया। आसपास के लोग हाथी को काबू में करने की कोशिश करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

प्रशासन की प्रतिक्रिया

घटना के बाद प्रशासन ने उत्सव आयोजकों से हाथी के प्रबंधन और सुरक्षा उपायों पर सवाल उठाए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना की जांच शुरू कर दी गई है, और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।

Similar Posts