< Back
Lead Story
राज्यसभा सांसद अमर सिंह का निधन, सिंगापुर के अस्पताल में चल रहा था इलाज
Lead Story

राज्यसभा सांसद अमर सिंह का निधन, सिंगापुर के अस्पताल में चल रहा था इलाज

Swadesh News
|
1 Aug 2020 4:57 PM IST

  • ब्रेकिंग न्यूज

लखनऊ/वेब डेस्क। पिछले लंबे समय से बीमार चल रहे कद्दावर नेता अमर सिंह का आज सिंगापुर के अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। अमर सिंह पिछले समय से गंभीर किडनी की बीमारी से अत्यधिक परेशान थे। इसी बजह से राजनीतिक सक्रियता बिल्कुल शून्य थी। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के सांसद थे। 5 जुलाई 2016 को उन्हें उच्च सदन के लिए चुना गया था।

एक समय अमर सिंह उत्तर प्रदेश के बड़े कद्दावर नेताओं में शामिल रहे थे। वह समाजवादी पार्टी के मुखिया और उप्र के पूर्व सीएम रहे मुलायम सिंह के बेहद करीबियों में एक थे। उनके राजनीतिक सफर की शुरुआत 1996 में राज्यसभा का सदस्य चुने जाने के साथ ही हुई थी। फिर जल्दी ही पार्टी के महासचिव बना दिये गए। समय के साथ वह पार्टी में ताकतवर होते गए। उस समय कहा मुलायम सिंह कोई भी काम बगैर उनके पूछे नहीं करते। पार्टी में उनका कद बढ़ने के साथ पार्टी के अन्य नेताओं में नाराजगी बढ़ी। जिसके बाद साल 2010 में पार्टी से निकाल दिया गया।

साल 2016 में सपा में उनकी एक बार फिर वापसी हुई लेकिन एक साल बाद ही अखिलेश यादव के पार्टी सुप्रीमो बनते ही वह फिर हाशिये पर पहुंच गए। बाद में वह समाजवादी पार्टी से अलग हो गए थे।समाजवादी पार्टी से अलग होने के बाद उनकी सक्रियता राजनीति में बेहद कम हो गई थी। अमर सिंह के सपा नेताओं के साथ फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन से भी अच्छे संबंध थे। समय के साथ इन रिश्तों में भी कुछ खटास आ गई थी। जिसके बाद इस साल फरवरी में अमर सिंह ने एक वीडियो जारी कर अमिताभ बच्चन से माफी मांगी थी।

पिछले कुछ दिनों से वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी के समर्थन में जमकर बयान दे रहे थे। उन्होंने इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को अपनी पैतृक संपत्ति दान में देने की भी घोषणा भी की थी।


Related Tags :
Similar Posts