< Back
Lead Story
दिलचस्प : भाजपा जिलाध्यक्ष के लिए कार्यकारिणी के 11 पदाधिकारियों ने भरा पर्चा
Lead Story

BJP District President: दिलचस्प : भाजपा जिलाध्यक्ष के लिए कार्यकारिणी के 11 पदाधिकारियों ने भरा पर्चा

Deepika Pal
|
9 Jan 2025 10:08 PM IST

भाजपा जिलाध्यक्ष पद के चुनाव की सबसे दिलचस्प बिसात यहां सजी है, जिसके लिए कुल 32 नामांकन चुनाव अधिकारी मिले हैं।

स्वदेश समाचार/फोटो सहित

शाहजहांपुर। भाजपा जिलाध्यक्ष पद के चुनाव की सबसे दिलचस्प बिसात यहां सजी है, जिसके लिए कुल 32 नामांकन चुनाव अधिकारी डॉ. चंद्र मोहन सिंह (प्रदेश मंत्री) और पर्यवेक्षक डॉ.एमपी सिंह (पूर्व अध्यक्ष काशी क्षेत्र) को मिले। दिलचस्प है, जिला कार्यकारिणी के 11 पदाधिकारी उम्मीदवार तो है हैं। विश्व की सबसे भारी भरकम सहकारी संस्था सहकारी भारतीय किसान उर्वरक (इफको) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बलवीर सिंह के पुत्र अनुराग सिंह ने नॉमिनेशन प्रस्तुत कर चुनाव रोचक बना दिया है। उनके भाई अभिषेक उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के ओएसडी हैं। समझा जा सकता है, मामला वजनदार है।


जिलाध्यक्ष पद के बीमारों में कुछ असरदार चेहरों पर निगाह मारते हैं। जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा का नामांकन तो अनिवार्तः लिया गया। निवर्तमान अध्यक्ष अब जलालाबाद सीट से विधायक हैं। चार टर्म के जिला उपाध्यक्ष (2013 से अब तक) पवन सिंह ने नामांकन किया है। संगठनात्मक अनुभव पवन का अधिक है। वह 2001 से 09 के मध्य युवा मोर्चा के जिला मंत्री, उपाध्यक्ष और विभाग संयोजक (शाहजहांपुर-पीलीभीत) और 2009 से 12 तक भाजपा जिला मंत्री रहे। जिला उपाध्यक्ष दोदराम कुशवाहा, आशीष शुक्ला और कृष्ण कुमार मंगलम ने भी उम्मीदवारी की है। दोदराम तिलहर चीनी मिल के उपाध्यक्ष हैं।


जिला महामंत्रियों में कमांडो अनिल सिंह चौहान, अनिल गुप्ता और महेंद्र पाल का दावा है। कमांडो चौहान मुंबई में होटल ताज पर आतंकी हमले को नेस्तनाबूद करने वाले कमांडो दस्ते में थे। अनिल गुप्ता की बहू अल्हागंज नगर पंचायत की अध्यक्ष हैं। महेंद्र पाल गन्ना समिति पुवायां के अध्यक्ष हैं।


जिला मंत्रियों में मुनीश मिश्रा और रजनी सिंह ने उम्मीदवारी की है। रजनी के पति भानु सिंह निगोही ब्लॉक प्रमुख हैं। जिला कोषाध्यक्ष संजीव बंसल और कार्यालय मंत्री सुशील गुप्ता ने भी नामांकन किया है। मोर्चे भी पीछे नहीं रहे। महिला मोर्चा जिला संयोजक (अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता के महानगर अध्यक्ष बनाए जाने से रिक्त) रचना गुप्ता, पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ कश्यप, अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष सत्यपाल और किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष दिनेश अवस्थी ने भी मेन बॉडी अध्यक्ष पद पर उम्मीदवारी की है। महानगर महामंत्री अंशुल चौहान (सहकारिता मंत्री के ममेरे भाई) के अलावा महानगर से ही सर्वेश पाल और सुआलाल ने जिलाध्यक्ष के लिए नामांकन किया है। जिला उपाध्यक्ष आशीष शुक्ला ने जिला और महानगर, दोनों के अध्यक्ष के लिए नामांकन किया है।

चर्चा बस भारी भरकम राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले अनुराग की

शाहजहांपुर। नामांकन भले 32 हैं, लेकिन चर्चा जिला कार्यसमिति सदस्य और जिला सहकारी बैंक के निदेशक अनुराग सिंह के नाम की है। असल में उनकी राजनीतिक पृष्ठभूमि बेहद समृद्ध है। पिता बलवीर सिंह लखनऊ विश्वविद्यालय छात्रसंघ राजनीति के उत्पाद हैं। वह विश्व की सबसे भारी भरकम सहकारी संस्था सहकारी भारतीय किसान उर्वरक (इफको) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (सांसद स्तर) हैं। अनुराग के भाई अभिषेक उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के ओएसडी हैं। उनकी माता गीता सिंह जिला पंचायत सदस्य और साधन सहकारी समिति की अध्यक्ष हैं। अनुराग के चाचा हाईकोर्ट सरकारी वकील हैं। अब इतना रकाब-तकाब वाले अभ्यर्थी की चर्चा फिर होनी ही है।

Similar Posts