< Back
Lead Story
चुनाव से पहले हटाए झारखंड DGP अनुराग गुप्ता, आज शाम तक मांगी अनुपालन रिपोर्ट
Lead Story

Jharkhand Elections 2024: चुनाव से पहले हटाए झारखंड DGP अनुराग गुप्ता, आज शाम तक मांगी अनुपालन रिपोर्ट

Deeksha Mehra
|
19 Oct 2024 3:54 PM IST

EC orders removal of DGP Jharkhand : रांची। विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने झारखंड के DGP अनुराग गुप्ता को तत्काल प्रभाव से हटाने का निर्देश दिया है। चुनाव आयोग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि उन्हें डीजीपी के पद से तत्काल प्रभाव से हटाकर कैडर में उपलब्ध सबसे वरिष्ठ डीजीपी स्तर के अधिकारी को प्रभार सौंपे।

आज शाम 7 बजे तक का दिया समय

रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य सरकार को शनिवार शाम 7 बजे तक इन निर्देशों की अनुपालन रिपोर्ट देने को कहा गया है। इसके साथ ही झारखंड सरकार को 21 अक्टूबर को सुबह 10 बजे तक IPS अधिकारियों का एक पैनल प्रस्तुत करना होगा। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक डीजीपी अनुराग गुप्ता के खिलाफ पिछले चुनाव में काफी शिकायतें मिली थी। जिनको ध्यान में रखकर चुनाव आयोग ने ये फैसला लिया है। बता दें कि निर्वाचन आयोग का कहना है कि झारखंड में होने जा रहे विधानसभा चुनावों के दौरान पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पिछले चुनावों के दौरान हुई अनुराग गुप्ता पर कार्रवाई

गौरतलब है कि, साल 2019 में लोकसभा चुनावों के दौरान पक्षपातपूर्ण आचरण के आरोपों के बाद अनुराग गुप्ता को झारखंड के एडीजी (स्पेशल ब्रांच) के पद से हटाकर उन्हें दिल्ली में रेजिडेंट कमिश्नर के कार्यालय में नियुक्त किया गया था। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक उनके झारखंड लौटने पर रोक लगा दी गई थी।

इसके अलावा साल 2016 में भी चुनावों के दौरान तत्कालीन अतिरिक्त डीजीपी अनुराग गुप्ता पर सत्ता के दुरुपयोग के आरोप लगे थे। इस पर आयोग ने एक जांच समिति बनाई थी। इसके निष्कर्षों के आधार पर विभागीय जांच के लिए उनके खिलाफ आरोप पत्र जारी किया गया था। 29 मार्च 2018 को जगन्नाथपुर थाने में आईपीसी की धारा 171(बी)(ई)/171(सी)(एफ) के तहत केस (Case No. 154/18) भी दर्ज किया गया था। साल 2021 में झारखंड सरकार ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 17(ए) के तहत जांच को मंजूरी भी दी थी।

Similar Posts