< Back
उत्तरप्रदेश
मृत बच्चों के परिजनों को मिलेगा 5 लाख रुपए का मुआवजा, CM योगी का ऐलान
उत्तरप्रदेश

झांसी मेडिकल कॉलेज अग्निकांड: मृत बच्चों के परिजनों को मिलेगा 5 लाख रुपए का मुआवजा, CM योगी का ऐलान

Deeksha Mehra
|
16 Nov 2024 7:59 AM IST

Jhansi Medical College fire incident : उत्तर प्रदेश। झांसी के मेडिकल कॉलेज के शिशु वार्ड में शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से 10 बच्चों की मौत हो गई। जबकि पांच बच्चों की हालत गंभीर है। बताया जा रहा है कि, जिस वार्ड में आग लगी थी, वहां 47 नवजात भर्ती थे। इस मामले पर सीएम योगी ने दुख जताया है और पांच लाख रुपए मुआवजा देने की बात कही है।

डीआईजी से 12 घंटे में मांगी रिपोर्ट

मुख्यमंत्री योगी ने असमय काल-कवलित हुए प्रत्येक नवजात बच्चों के माता-पिता को 5 लाख और घायलों के परिजनों को 50 हजार की सहायता राशि मुख्यमंत्री राहत कोष से तत्काल प्रदान करने के लिए निर्देश दिए हैं। इसके अलावा सीएम ने झांसी के मंडलायुक्त और डीआईजी को 12 घंटे में घटना के संबंध में रिपोर्ट देने हेतु निर्देशित किया है।

पीएम और राष्ट्रपति ने जताया दुःख

इस घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुःख जताते हुए कहा कि, उत्तर प्रदेश में महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झांसी में हुई दुर्घटना में कई नवजात शिशुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदय विदारक है। मैं घायल हुए शिशुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।

इस अग्निकांड पर दुःख जताते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि, हृदयविदारक! झांसी के मेडिकल कॉलेज में आग लगने से हुआ हादसा मन को व्यथित करने वाला है। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव के हरसंभव प्रयास में जुटा है।

ये है पूरा मामला

दरअसल, शुक्रवार देर रात झांसी मेडिकल कॉलेज में सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में देखते ही देखते बड़ा रूप ले लिया और आग बच्चों के वार्ड तक जा पहुंची। शिशु वार्ड में उस समय लगभग 47 नवजात भर्ती थे। इस हादसे में दस बच्चों की मौत जबकि कई बच्चे घायल हुए। फिलहाल 5 बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है।

Similar Posts