< Back
IPL 2025
Sai Sudarshan

Sai Sudarshan

IPL 2025

Sai Sudarshan: विराट कोहली और गिल के क्लब में पहुंचे साई सुदर्शन, IPL में दर्ज की खास उपलब्धि

Rashmi Dubey
|
30 May 2025 11:32 PM IST

Sai Sudarshan Runs in IPL 2025: साई सुदर्शन ने इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में अपनी शानदार बल्लेबाज़ी से नया इतिहास रच दिया है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में उन्होंने 700 रनों का आंकड़ा पार करते हुए खुद को लीग के दिग्गज खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल कर लिया। सुदर्शन IPL इतिहास के केवल 9वें खिलाड़ी बने हैं जिन्होंने एक ही सीजन में 700 से ज़्यादा रन बनाए हैं। मौजूदा सीजन में यह उपलब्धि हासिल करने वाले वो पहले बल्लेबाज़ हैं। इसी कारण इस समय ऑरेंज कैप भी उन्हीं के पास है।

विराट और गिल के क्लब में शामिल हुए साई सुदर्शन

साई सुदर्शन ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ एलिमिनेटर मैच में एक और अर्धशतक जमाते हुए अपने आईपीएल 2025 सीजन को और भी खास बना दिया। इस मुकाबले से पहले ही उन्होंने 14 मैचों में 679 रन बना लिए थे और MI के खिलाफ सिर्फ 21 रन बनाते ही उन्होंने 700 रनों का आंकड़ा छू लिया। यह कारनामा करने वाले वो तीसरे भारतीय बल्लेबाज़ बने हैं। उनसे पहले सिर्फ विराट कोहली और शुभमन गिल ही एक सीजन में 700 या उससे ज्यादा रन बना सके थे। आईपीएल 2025 में सुदर्शन की ये छठी फिफ्टी रही। इसके अलावा उनके बल्ले से एक शानदार शतक भी निकल चुका है।

700 रन क्लब में शामिल हुए साई सुदर्शन

साई सुदर्शन अब उन चुनिंदा बल्लेबाजों की फेहरिस्त में शामिल हो गए हैं जिन्होंने एक ही IPL सीजन में 700 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं। उनसे पहले सिर्फ 9 खिलाड़ी ही यह उपलब्धि हासिल कर पाए हैं, जिनमें विराट कोहली (दो बार), क्रिस गेल (दो बार), डेविड वॉर्नर, फाफ डु प्लेसिस, शुभमन गिल, जोस बटलर, केन विलियमसन और माइकल हसी जैसे दिग्गज शामिल हैं।

विराट कोहली ने 2016 में रिकॉर्ड 973 रन बनाए थे, जो IPL इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर है। शुभमन गिल ने 2023 में 890 रन, जबकि बटलर ने 2022 में 863 रन ठोके थे। अब साई सुदर्शन भी इस खास क्लब का हिस्सा बन गए हैं और अपने शानदार प्रदर्शन से दिग्गजों की लिस्ट में अपना नाम दर्ज करा लिया है।

ऑरेंज कैप के मजबूत दावेदार बने साई सुदर्शन

साई सुदर्शन ने IPL 2025 में लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑरेंज कैप की दौड़ में बड़ी बढ़त बना ली है। उन्होंने अब तक 700 से ज्यादा रन बना लिए हैं, जबकि दूसरे नंबर पर मौजूद सूर्यकुमार यादव उनसे 60 से भी अधिक रन पीछे हैं। सुदर्शन का प्रदर्शन हर सीजन के साथ निखरता जा रहा है। पिछले साल उन्होंने 527 रन बनाए थे, और इस सीजन उन्होंने उस आंकड़े को बहुत पीछे छोड़ दिया है। उनकी लगातार बेहतर होती फॉर्म को देखते हुए उन्हें इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम में भी जगह मिल गई है, जो उनके करियर के लिए एक बड़ा मोड़ साबित हो सकता है।

Similar Posts