< Back
देश
भारत और क्रोएशिया के बीच कई अहम समझौते, रिश्तों में आएगी नई मजबूती
देश

PM Modi Croatia Visit: भारत और क्रोएशिया के बीच कई अहम समझौते, रिश्तों में आएगी नई मजबूती

Tanisha Jain
|
18 Jun 2025 11:02 PM IST

PM Modi Croatia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्रोएशिया की ऐतिहासिक यात्रा पर है, जिसके बीच भारत और क्रोएशिया के बीच कई महत्वपूर्ण समझौते हुए। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली क्रोएशिया यात्रा है, जिसे दोनों देशों के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रे प्लेंकोविच और वहां की जनता का दिल से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि उन्हें जिस आत्मीयता और स्नेह से स्वागत मिला, वह अविस्मरणीय है।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और क्रोएशिया लोकतंत्र, कानून का राज और समानता जैसे साझा मूल्यों से जुड़े है। दोनों देशों के नागरिकों ने अपने-अपने नेताओं को लगातार तीसरी बार सेवा का मौका दिया, जिससे यह विश्वास और गहरा हुआ है।


पीएम मोदी ने कहा कि अब दोनों देशों के रिश्तों को तीन गुना गति देने का लक्ष्य रखा गया है। खासकर रक्षा, व्यापार, तकनीक और आतंकवाद विरोधी सहयोग को प्राथमिकता दी जाएगी।

भारत और क्रोएशिया लॉन्ग टर्म डिफेंस कोऑपरेशन प्लान बनाएंगे जिसमें मिलिट्री ट्रेनिंग, एक्सचेंज प्रोग्राम और रक्षा उद्योग पर ध्यान दिया जाएगा। शिप बिल्डिंग और साइबर सुरक्षा में भी सहयोग बढ़ेगा।

पीएम मोदी ने बताया कि दोनों देश अब फार्मा, कृषि, आईटी, क्लीन टेक्नोलॉजी, डिजिटल टेक्नोलॉजी, रिन्यूएबल एनर्जी और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करेंगे।


प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवाद को मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन बताया। उन्होंने 22 अप्रैल को भारत में हुए आतंकी हमले पर संवेदनाएं प्रकट करने के लिए क्रोएशिया का आभार भी जताया। उन्होंने कहा कि समस्याओं का हल युद्ध से नहीं, संवाद और कूटनीति से होना चाहिए।

भारत और क्रोएशिया के बीच एक मूवमेंट एग्रीमेंट भी जल्द पूरा होगा, जिससे दोनों देशों के लोगों को यात्रा करने में आसानी होगी।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत सागरमाला प्रोजेक्ट के तहत क्रोएशियाई कंपनियों को पोर्ट विकास और कनेक्टिविटी में शामिल होने का मौका देगा। इसके अलावा अंतरिक्ष अनुभव भी साझा किए जाएंगे। यह यात्रा भारत और क्रोएशिया के रिश्तों में नई ऊर्जा और विश्वास लेकर आई है, जिससे दोनों देशों के बीच सहयोग के नए रास्ते खुलेंगे।

Similar Posts