< Back
देश
ऑपरेशन सिन्दूर पर चर्चा से पहले लोकसभा की कार्यवाही स्थगित, मंत्री किरेन रिजिजू  बोले- विपक्ष ने लिया यू-टर्न
देश

दिल्ली: ऑपरेशन सिन्दूर पर चर्चा से पहले लोकसभा की कार्यवाही स्थगित, मंत्री किरेन रिजिजू बोले- विपक्ष ने लिया यू-टर्न

Deeksha Mehra
|
28 July 2025 12:17 PM IST

Lok Sabha Proceedings Adjourned : नई दिल्ली। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही 1 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। आज ऑपरेशन सिन्दूर पर सदन में 16 घंटे की चर्चा होनी थी लेकिन कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों की जमकर नारेबाजी की। इसके बाद स्पीकर ओम बिरला ने सदन को 1 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। इसके अलावा राज्यसभा की कार्यवाही भी दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। कांग्रेस ने अपने लोकसभा सांसदों को तीन लाइन का व्हिप जारी कर सदन में मौजूद रहने के लिए कहा है।

जानकारी के मुताबिक, लोकसभा में राजनाथ सिंह रक्षा मंत्री ने 12 बजने पर भीतर आए लेकिन उसके बावजूद भी तमाम विपक्षी सांसद SIR की तख़्ती लेके अपना धरना करते रहे हैं और कई सांसद वेल में घुस गए जिसकी वजह से स्थगन हुआ।

स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि, पहले आप ऑपरेशन सिन्दूर पर बहस के लिए कहते हैं, फिर सदन में, आप सदन के वेल में आते हैं। यदि आप चर्चा में भाग लेना चाहते हैं, तो कृपया अपनी सीट पर बैठें। क्या आप ऑपरेशन सिन्दूर पर चर्चा चाहते हैं या नहीं? क्या मुझे सदन स्थगित कर देना चाहिए?

ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा से पहले ही लोकसभा स्थगित होने पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, कांग्रेस और विपक्ष अब ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा से क्यों भाग रहे हैं? उन्होंने आगे कहा कि, हम सब चर्चा के लिए तैयार थे। चर्चा शुरू होने से 10 मिनट पहले, विपक्ष ने अपना एजेंडा पेश किया कि सरकार एक निश्चित समय सीमा तय करे कि इसके बाद SIR के मुद्दे पर चर्चा होगी। चर्चा शुरू होने से ठीक 10 मिनट पहले ऐसी शर्त लाना ठीक नहीं है।

विपक्ष ने लिया यू-टर्न

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, विपक्ष ने यू-टर्न ले लिया है। यह नहीं चलेगा। आधे घंटे बाद संसद की कार्यवाही फिर से शुरू होगी। रक्षा मंत्री बहस की शुरुआत करेंगे। मैं सभी से आग्रह करता हूँ कि वे उनकी बात सुनें। किसी भी विपक्षी दल को पाकिस्तान की भाषा नहीं बोलनी चाहिए।

Similar Posts