देश
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला; हमलावर 24 घंटे से कर रहा था रेकी, सीसीटीवी फुटेज आया सामने
देश

CM Rekha Gupta: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला; हमलावर 24 घंटे से कर रहा था रेकी, सीसीटीवी फुटेज आया सामने

Tanisha Jain
|
20 Aug 2025 2:57 PM IST

CM Rekha Gupta: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह सिविल लाइंस स्थित उनके आवास पर आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान हमला हुआ। हमले के बाद अब कई बड़े खुलासे सामने आए है।

सुबह करीब 8 बजे मुख्यमंत्री अपनी जनसुनवाई कर रही थी। इस दौरान आरोपी ने उनसे मिलने के लिए कागज दिए और अचानक उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी उनके पास बैठा था और बातचीत करते-करते अचानक उन पर टूट पड़ा। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को काबू कर लिया।


हमलावर की पहचान 41 वर्षीय राजेश भाई खिमजी भाई सकरिया के रूप में हुई है। वह गुजरात के राजकोट का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि वह पिछले 24 घंटे से मुख्यमंत्री के आवास की रेकी कर रहा था। यहां तक कि उसने पास में ही रात भी बिताई थी।

हमले में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सिर और कंधे पर चोट आई है। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी हालत स्थिर है लेकिन वह घबराई हुई है।

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी 19 अगस्त को शालीमार बाग स्थित मुख्यमंत्री के घर के पास घूमते हुए रेकी कर रहा था।

दिल्ली के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने बताया कि आरोपी पिछले 24 घंटे से मुख्यमंत्री से मिलने का मौका तलाश रहा था। वहीं, मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि आरोपी ने मुख्यमंत्री को देर तक जमीन पर दबोच कर रखा था। इस घटना पर पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोकतंत्र में विचारों का विरोध स्वीकार है, लेकिन हिंसा किसी भी रूप में अस्वीकार्य है।

कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव ने भी हमले की निंदा की और सवाल उठाया कि यदि दिल्ली की मुख्यमंत्री ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी अपनी सुरक्षा की उम्मीद कैसे कर सकता है।

आरोपी राजेश की मां भानु बेन ने बताया कि उनका बेटा पशु प्रेमी है और कुत्तों से जुड़े मुद्दे पर दुखी था। इसी कारण वह दिल्ली गया था। उन्होंने दावा किया कि उसका राजनीति से कोई संबंध नहीं है।

दिल्ली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और गृह मंत्रालय को घटना की जानकारी दी गई है।

यह हमला उस समय हुआ जब रेखा गुप्ता बिना किसी सुरक्षा घेरे के आम लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुन रही थी। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Similar Posts