< Back
देश
हेमंत सोरेन सरकार का कैबिनेट विस्तार, कांग्रेस के राधा कृष्ण किशोर समेत JMM के स्टीफन मरांडी ने ली शपथ
देश

झारखंड: हेमंत सोरेन सरकार का कैबिनेट विस्तार, कांग्रेस के राधा कृष्ण किशोर समेत JMM के स्टीफन मरांडी ने ली शपथ

Gurjeet Kaur
|
5 Dec 2024 1:08 PM IST

रांची, झारखंड। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आखिरकार कैबिनेट का विस्तार कर ही दिया है। गुरुवार को कांग्रेस, जेएमएम और आरजेडी विधायकों ने शपथ ली। लंबे समय से हेमंत सोरेन सरकार के कैबिनेट विस्तार का इंतजार किया जा रहा था। सवाल यह भी उठाया जा रहा था कि, क्या कांग्रेस सरकार का हिस्सा बनेगी या बाहर से ही समर्थन करेगी। हालांकि अब स्थिति साफ हो गई है क्योंकि कांग्रेस विधायक ने भी शपथ ले ली है।

ये हैं वो विधायक जिन्होंने ली मंत्री पद की शपथ :

झामुमो विधायक योगेंद्र प्रसाद, सुदिव्य कुमार और कांग्रेस विधायक शिल्पी नेहा तिर्की ने राज्य में झामुमो के नेतृत्व वाली महागठबंधन सरकार में मंत्री पद की शपथ ली। इसके अलावा कांग्रेस विधायक राधा कृष्ण किशोर, झामुमो विधायक दीपक बिरुआ, झामुमो विधायक चमरा लिंडा और राजद विधायक संजय प्रसाद यादव, कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी, झामुमो विधायक हफीजुल हसन और कांग्रेस विधायक दीपिका पांडे सिंह ने राज्य में झामुमो के नेतृत्व वाली महागठबंधन सरकार में मंत्री पद की शपथ ली।

झारखंड के मंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद जेएमएम विधायक चमरा लिंडा ने कहा, "हमने आज गुरुजी का आशीर्वाद लिया। उन्होंने हमसे कहा कि हमें अच्छे से काम करना चाहिए। हेमंत जी के नेतृत्व में एक बेहतरीन टीम बनी है और हमें उम्मीद है कि यह परिणाम देगी।"

झारखंड कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद जेएमएम विधायक इरफान अंसारी ने कहा, "झारखंड की प्रगति महत्वपूर्ण है क्योंकि यह एक आदिवासी राज्य है। इसे बदकिस्मती कहें या किस्मत, सरकार गलत हाथों में चली गई। 18 साल तक भाजपा ने झारखंड की प्रगति के लिए काम नहीं किया, बल्कि शोषण और लूट की। 3 साल हमने लोगों की जान बचाई और कोविड को संभाला। यही वजह है कि आज हम सत्ता में वापस आए हैं... विकास, विकास, विकास और सबका विकास (झारखंड सरकार का एजेंडा)... राहुल गांधी और सीएम तय करेंगे कि किसे कौन सा विभाग मिलेगा।"

Similar Posts