< Back
देश
अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर अन्ना हजारे का बयान, कहा - अपने कर्मों से हुई गिरफ्तारी
देश

अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर अन्ना हजारे का बयान, कहा - अपने कर्मों से हुई गिरफ्तारी

स्वदेश डेस्क
|
22 March 2024 1:29 PM IST

अन्ना ने कहा मैंने कई बार केजरीवाल को शराब नीति बंद करने के लिए पत्र लिखा था, मेरा शराब नीति पर पत्र लिखने का मकसद अन्याय को खत्म करना था।

नईदिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने शुक्रवार की सुबह तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। अन्ना हजारे इन दिनों अहमद नगर (महाराष्ट्र) में हैं। उन्होंने आज मीडिया से बातचीत में कहा कि अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी अपने कर्मों की वजह हुई है।

प्रवर्तन निदेशालय ( ईडी) द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने पर सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे का कहना है, "मैं इस बात से बहुत परेशान हूं कि अरविंद केजरीवाल, जो मेरे साथ काम करते थे, शराब के खिलाफ आवाज उठाते थे, अब शराब नीतियां बना रहे हैं। अपने ही कर्मों की वजह से उनकी गिरफ्तारी इसलिए हुई है।"

मेरी बात नहीं मानी -

अन्ना हजारे ने कहा कि मैंने कई बार केजरीवाल को शराब नीति बंद करने के लिए पत्र लिखा था, मेरा शराब नीति पर पत्र लिखने का मकसद अन्याय को खत्म करना था। शराब की वजह से लोगों की हत्याओं के मामले बढ़ते हैं, महिलाओं पर अत्याचार होता है, इसकी वजह से मैंने शराब नीति को बंद करने की बात की थी, लेकिन अरविंद के दिमाग में मेरी बात नहीं आई और उन्होंने शराब नीति शुरू कर दी। आखिरकार उसी शराब नीति की वजह से उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. इसके आगे उन्होंने कहा कि अब अरविंद केजरीवाल और दिल्ली सरकार इस बात पर ध्यान देगी की जिन्होंने गलती की है उन्हें सजा मिलनी चाहिए।

भूख हड़ताल -

उल्लेखनीय है कि अन्ना हजारे एक भारतीय सामाजिक कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने, सरकारी पारदर्शिता बढ़ाने और सार्वजनिक जीवन में भ्रष्टाचार की जांच करने और दंडित करने के लिए आंदोलनों का नेतृत्व किया। जमीनी स्तर के आंदोलनों को संगठित करने और प्रोत्साहित करने के अलावा अन्ना हजारे ने अपने उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए अक्सर भूख हड़तालें कीं।

Similar Posts