< Back
देश
सीएम मान से बहस के बाद पंजाब में किसान नेताओं के घर छापेमारी, कई नेता हिरासत में
देश

Punjab: सीएम मान से बहस के बाद पंजाब में किसान नेताओं के घर छापेमारी, कई नेता हिरासत में

Gurjeet Kaur
|
4 March 2025 8:16 AM IST

पंजाब। मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ बीते दिनों हुई बैठक के बाद अब किसान नेताओं के घर छापेमारी की खबर सामने आ रही है। मुख्यमंत्री मान से किसानों की बहस हुई थी इसके बाद सीएम मीटिंग छोड़ कर चले गए थे। किसान नेताओं ने सीएम के व्यवहार से नाराजगी जताते हुए प्रदर्शन की बात कही थी। 4 मार्च को भटिंडा में कई किसान नेताओं के ठिकानों पर पुलिस छापेमारी करने पहुंची है। कुछ किसान नेताओं को हिरासत में लेने की खबर भी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि, पंजाब पुलिस चंडीगढ़ में किसान नेताओं के विरोध प्रदर्शन से पहले उन्हें गिरफ़्तार कर रही है। कल (3 मार्च) किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल और जोगिंदर सिंह उग्राहन ने कहा था कि सीएम भगवंत मान ने 40 एसकेएम किसान नेताओं के साथ उनकी मांगों पर तीखी बहस के बाद बैठक से बाहर निकलने से पहले उन्हें 'जाओ करलो धरना फेर' कहकर चुनौती दी थी।

किसान नेताओं ने दावा किया था कि चर्चा तब तक आगे बढ़ रही थी जब तक कि सीएम ने उनके 5 मार्च के विरोध प्रदर्शन पर सवाल नहीं उठाया। दूसरी ओर, सीएम भगवंत मान ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि उन्होंने सभी किसान संगठनों से अपील की है, जिसमें इस बात पर जोर दिया गया है कि सड़कें जाम करना और रेल सेवाएं रोकना किसी भी समस्या का समाधान नहीं है।

Similar Posts