< Back
छत्तीसगढ़
रायपुर में 44 डिग्री पहुंचा तापमान, हीट-वेव का अलर्ट जारी
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में चार दिन भीषण गर्मी: रायपुर में 44 डिग्री पहुंचा तापमान, हीट-वेव का अलर्ट जारी

Deeksha Mehra
|
22 April 2025 8:25 AM IST

Chhattisgarh Heat Wave Alert : रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। तापमान लगातार बढ़ रहा है और मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए कई जिलों में लू (हीट वेव) का अलर्ट जारी किया है। खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग और इससे सटे इलाकों में अगले चार दिनों तक भीषण गर्मी और लू की स्थिति बनी रहेगी।

इसके अलावा 23 से 25 अप्रैल तक मध्य छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग, और बिलासपुर संभागों में भी लू चलने की संभावना है। सोमवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है। वहीं, रात का तापमान 28.4 डिग्री रहा, जो औसत से 3 डिग्री ज्यादा है।

रायपुर बना प्रदेश का सबसे गर्म शहर

मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर इस समय छत्तीसगढ़ का सबसे गर्म जिला है। मंगलवार को भी यहां तापमान 44 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि रात का तापमान 28 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। शहर के बाहरी इलाकों, जैसे माना एयरपोर्ट, में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही। यहां सोमवार को दिन का तापमान 40.6 डिग्री और रात का तापमान 28.6 डिग्री दर्ज किया गया। रात 9 बजे के बाद भी गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया।

बिलासपुर में भी गर्मी का कहर

बिलासपुर में सोमवार को दिन का तापमान 43.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक है। रात का तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया, जो औसत से 2.8 डिग्री ज्यादा है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में भी स्थिति गंभीर है, जहां दिन का तापमान सामान्य से 4.7 डिग्री और रात का तापमान 3 डिग्री अधिक रहा।

सरगुजा में लू का अलर्ट

मौसम विभाग ने सरगुजा संभाग के सभी जिलों में मंगलवार को लू की चेतावनी दी है। अंबिकापुर में सोमवार को दिन का तापमान 40.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक है। रात का तापमान 23.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो औसत से 1.3 डिग्री ज्यादा है।

बस्तर में हल्की राहत

बस्तर संभाग में मौसम थोड़ा अलग है। यहां बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, और बीजापुर जिलों में मंगलवार को तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में भानपुरी में 20 मिमी और तोकापाल में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई। जगदलपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री रहा।

दुर्ग में तापमान सामान्य से अधिक

दुर्ग संभाग में भी गर्मी का प्रकोप जारी है। सोमवार को दुर्ग जिले में दिन का तापमान 42.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक है। हालांकि, रात का तापमान 23.8 डिग्री रहा, जो औसत से 2.2 डिग्री कम है।

Similar Posts