< Back
मनोरंजन
जब कास्ट सिस्टम नहीं, तो काहे का ब्राह्मण?... अनुराग कश्यप के बयान से मचा बवाल, गिरफ्तारी की उठी मांग
मनोरंजन

Anurag Kashyap: "जब कास्ट सिस्टम नहीं, तो काहे का ब्राह्मण?"... अनुराग कश्यप के बयान से मचा बवाल, गिरफ्तारी की उठी मांग

Swadesh Editor
|
18 April 2025 8:41 PM IST

Anurag Kashyap: जातिवाद पर दिए बयान के चलते एक बार फिर फिल्ममेकर अनुराग कश्यप सुर्खियों में आ गए हैं l

Anurag Kashyap: फिल्ममेकर अनुराग कश्यप एक बार फिर अपने बेबाक और विवादित बयानों के चलते सुर्खियों में आ गए हैं। इस बार मामला फिल्म ‘फुले’ और ब्राह्मणवाद को लेकर उनके सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़ा है, जिसने नया विवाद खड़ा कर दिया है। अनुराग ने ब्राह्मणवाद और जातिवाद को लेकर ऐसा तीखा बयान दिया कि सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ गिरफ्तारी की मांग तक उठने लगी है।

फिल्म 'फुले' प्रतीक गांधी और पत्रलेखा अभिनीत एक बायोपिक है, जो समाज सुधारक दंपती ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले के जीवन पर आधारित है। यह फिल्म 25 अप्रैल को रिलीज होने वाली है, लेकिन इससे पहले ही जातिवाद को बढ़ावा देने के आरोपों में घिर गई है। सेंसर बोर्ड ने भी फिल्म में कुछ बदलाव की मांग की है। इसी सिलसिले में अनुराग कश्यप ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए इंस्टाग्राम पर एक लंबा पोस्ट लिखा।

अनुराग कश्यप ने पोस्ट में क्या लिखा

फिल्ममेकर अनुराग कश्यप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “धड़क की स्क्रीनिंग में सेंसर बोर्ड ने बोला कि सरकार ने भारत में कास्ट सिस्टम खत्म कर दिया है। उसी आधार पर ‘संतोष’ भी इंडिया में रिलीज नहीं हुई। अब ब्राह्मण को दिक्कत है ‘फुले’ से। जब कास्ट सिस्टम नहीं तो काहे का ब्राह्मण।" उन्होंने आगे लिखा कि कौन हो आप? आपको क्यों दिक्कत हो रही है? जब कास्ट था ही नहीं तो सावित्रीबाई फुले और ज्योतिबा फुले क्यों थे? या तो आपका ब्राह्मणवाद है ही नहीं, क्योंकि सरकार के हिसाब से भारत में कास्ट सिस्टम है ही नहीं। या सब लोग मिलकर सबको बेवकूफ बना रहे हैं। भाई मिलकर फैसला कर लो कि भारत में जातिवाद है या नहीं। आप ब्राह्मण लोग हो या आपके बाप हैं, जो ऊपर बैठे हैं। फैसला कर लो।


अनुराग कश्यप के ख़िलाफ़ एफआईआर की मांग

इस बयान के सामने आते ही सोशल मीडिया पर तूफान मच गया। कई लोगों ने इसे हिंदू विरोधी और ब्राह्मण समाज के प्रति अपमानजनक बताया। बीजेपी नेता और पूर्व 'बिग बॉस' कंटेस्टेंट तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने कश्यप के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। उन्होंने एक्स पर कश्यप के पोस्ट का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए लिखा,“मैं मुंबई पुलिस से अनुराग कश्यप के खिलाफ FIR करने और उन्हें गिरफ्तार करने की मांग करता हूं। उनके जैसे मानसिक रूप से अस्थिर लोग समाज के लिए खतरा हैं। उन्हें नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।”

जानकारी के लिए बता दें कि फिल्म ‘फुले’ का निर्देशन अनंत महादेवन ने किया है और यह पहले 11 अप्रैल को रिलीज होनी थी। लेकिन विवादों के चलते इसकी रिलीज टाल दी गई और अब यह 25 अप्रैल को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

Similar Posts