< Back
नौकरी
आबकारी विभाग के 405 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ
नौकरी

आबकारी विभाग के 405 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ

Swadesh Digital
|
9 Oct 2020 11:52 AM IST

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में चार साल से लटकी आबकारी सिपाही के 405 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ हुआ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग हाईकोर्ट के निर्देश के आधार पर इन पदों पर भर्ती के लिए जल्द ही परिणाम जारी करेगा। इसके बाद आगे की भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने समाजवादी पार्टी की सरकार में 25 सितंबर 2016 को आबकारी सिपाही स्क्रीनिंग परीक्षा कराई थी। इसमें करीब पांच लाख अभ्यर्थी शामिल हुए। सत्ता परिवर्तन के बाद इस परीक्षा में धांधली की शिकायतें होने के बाद सतर्कता जांच के आदेश दिए गए। सतर्कता जांच में परीक्षा में धांधली की पुष्टि नहीं हो पाई। इसके आधार पर परीक्षा परिणाम जारी करने का रास्ता साफ हो गया था, लेकिन इस बीच में मामला हाईकोर्ट पहुंच गया। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने इस संबंध में पूरी स्थिति साफ कर दी है। इससे अब इन पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने शुरू कर दी है।

आबकारी सिपाही भर्ती परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद शारीरिक दक्षता और साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। भर्तियां हाईकोर्ट के अंतिम फैसले के अधीन होंगी। आयोग का मानना है कि इन पदों पर भर्ती होने के बाद आबाकारी विभाग को 405 पदों पर आबकारी सिपाही मिल जाएंगे।

- 25 सितंबर 2016 को को सपा सरकार में हुई थी स्क्रीनिंग

- 05 लाख अभ्यर्थियों ने आबकारी सिपाही की दी थी परीक्षा

- 04 साल बाद अब जल्द ही जारी होगा परीक्षा परिणाम

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र पर विचार के बाद हाईकोर्ट ने परिणाम घोषित करने की अनुमति प्रदान कर दी है। इसके आधार पर जल्द परीक्षा परिणाम जारी किया जाएगा। - प्रवीर कुमार, अध्यक्ष, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग

Similar Posts