< Back
अर्थव्यवस्था
swiss bank

स्विट्जरलैंड ने भारत को सौंपी स्विस बैंक खाता धारकों की लिस्ट,

अर्थव्यवस्था

स्विट्जरलैंड ने भारत को सौंपी स्विस बैंक खाता धारकों की लिस्ट, नाम-पता-पहचान सब आई सामने

स्वदेश डेस्क
|
9 Oct 2023 7:19 PM IST

स्विट्जरलैंड ने 104 देशों के साथ करीब 36 लाख वित्तीय खातों का विवरण साझा किया

नईदिल्ली। भारत को स्विट्जरलैंड से अपने नागरिकों और संगठनों के स्विस बैंक खातों का ब्योरा मिला है। भारत को लगातार पांचवें साल ये जानकारी सालाना आधार पर सूचनाओं के स्वत: आदान-प्रदान की व्यवस्था के तहत मिली है। स्विट्जरलैंड ने 104 देशों के साथ करीब 36 लाख वित्तीय खातों का विवरण साझा किया है।

आधिकारियों ने सोमवार को बताया कि स्विट्जरलैंड और भारत के बीच सूचनाओं का यह पांचवां वार्षिक आदान-प्रदान है। भारतीय अधिकारियों के साथ साझा किया गया स्विस बैंक अकाउंट का नया विवरण ‘सैकड़ों वित्तीय खातों’ से संबंधित हैं, जिनमें कुछ लोगों, कॉरपोरेट और न्यास (ट्रस्ट) से जुड़े खातों की जानकारी है। हालांकि, अधिकारियों ने गोपनीयता से जुड़े नियमों और आगे की जांच पर इसके प्रतिकूल प्रभाव का हवाला देते हुए अन्य विवरण में शामिल राशि का खुलासा नहीं किया है।

आय से संबंधित विस्तृत जानकारी शामिल

स्विट्जरलैंड से साझा किए गए इस विवरण में पहचान, खाता और वित्तीय जानकारी शामिल है। इसमें नाम, पता, निवास का देश और कर पहचान संख्या के साथ ही रिपोर्टिंग वाले वित्तीय संस्थान, खाता शेष तथा पूंजीगत आय से संबंधित विस्तृत जानकारी शामिल है। अधिकारियों ने बताया कि यह आदान-प्रदान पिछले महीने हुआ। स्विट्जरलैंड से अब सितंबर, 2024 में फिर से ऐसी जानकारियां साझा की जाएंगी।

2019 में मिली पहली लिस्ट

भारत को सितंबर, 2019 में एईओएल के तहत स्विट्जरलैंड से पहली बार स्विस बैक खातों का ब्योरा मिला था। भारत उस वर्ष ऐसी जानकारी प्राप्त करने वाले 75 देशों में से एक था। स्विट्जरलैंड ने पहली बार सितंबर, 2018 के अंत में ऐसा आदान-प्रदान किया था। इसमें 36 देश शामिल थे, लेकिन भारत उस समय सूची में शामिल नहीं था।

Similar Posts