< Back
अर्थव्यवस्था
विदेशी मुद्रा भंडार में फिर आई गिरावट,  2.4 अरब डॉलर घटकर 560 अरब पर पहुंचा
अर्थव्यवस्था

विदेशी मुद्रा भंडार में फिर आई गिरावट, 2.4 अरब डॉलर घटकर 560 अरब पर पहुंचा

स्वदेश डेस्क
|
19 March 2023 2:09 PM IST

नईदिल्ली। विदेशी मुद्रा भंडार में फिर गिरावट आई है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार 10 मार्च को समाप्त हुए हफ्ते में 2.4 अरब डॉलर घटकर 560 अरब डॉलर रह गया है। इससे पिछले हफ्ते यह 1.5 अरब डॉलर बढ़कर 562.4 अरब डॉलर पर था। भारतीय रिजर्व बैंक ने जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी है।

आरबीआई के मुताबिक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति, स्वर्ण, विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास आरक्षित निधि में गिरावट से विदेशी मुद्रा में गिरावट आई है। आंकड़ों के अनुसार 10 मार्च को समाप्त हफ्ते में विदेशी मुद्रा भंडार 2.4 अरब डॉलर घटकर 560 अरब डॉलर रह गया। इसके पिछले हफ्ते यह 1.5 अरब डॉलर बढ़कर 562.4 अरब डॉलर पर रहा था।

रिजर्व बैंक के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी मुद्रा भंडार में अहम योगदान देने वाली विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां (एफसीए) इस दौरान करीब 2.22 अरब डॉलर घटकर 494.86 अरब डॉलर रह गईं। आंकड़ों के अनुसार देश के स्वर्ण भंडार और एसडीआर में भी गिरावट रही। सोने का भंडार 11 करोड़ डॉलर की गिरावट के साथ 41.92 अरब डॉलर रह गया है।वहीं, विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) में 5.3 करोड़ डॉलर घटकर 18.1 अरब डॉलर रह गया। इसी तरह अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि 1.1 लाख डॉलर कम होकर 5.1 अरब डॉलर पर आ गई।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले लगातार पांच सप्ताह तक गिरावट के बाद तीन मार्च वाले हफ्ते में देश के विदेशी मुद्रा भंडार में बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। इस दौरान विदेशी मुद्रा भंडार में 1.46 अरब डॉलर की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। इससे पहले अक्टूबर, 2021 में देश का विदेशी मु्द्रा भंडार 645 अरब अमेरिकी डॉलर के सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर था।

Similar Posts