< Back
देश
राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने पैरालंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को दी बधाई
देश

राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने पैरालंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को दी बधाई

स्वदेश डेस्क
|
29 Aug 2021 8:11 PM IST

टोक्यो। पैरालिंपिक खेलों में पुरुषों की ऊंची कूद टी-47 में रजत पदक जीतने पर निषाद कुमार को राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बधाई दी है। टोक्यो पैरालिंपिक में भारतीय एथलीट निषाद राज ने रविवार को हाई जंप टी-47 श्रेणी के फाइनल इवेंट में रजत पदक जीता है। पैरालिंपिक में भारत का यह दूसरा पदक है। इससे पहले भाविना पटेल ने आज पैरालिंपिक की टेबल टेनिस स्पर्धा में रजत जीतकर भारत का पदक तालिका में खाता खोला था।

राष्ट्रपति ने दी बधाई -

राष्ट्रपति कोविन्द ने ट्वीट कर कहा, टोक्यो पैरालिंपिक में पुरुषों की ऊंची कूद में रजत पदक जीतने पर निषाद कुमार को बधाई। आपने वैश्विक मंच पर अपनी उत्कृष्टता साबित कर भारत को गौरवान्वित किया है। आपके शानदार प्रदर्शन और सफलता के लिए आपको मेरी हार्दिक बधाई।

उपराष्ट्रपति ने दी बधाई -

उपराष्ट्रपति नायडू ने ट्वीट कर कहा, आज राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर टोक्यो पैरालंपिक्स में देश के खिलाड़ियों ने भारत का नाम रोशन किया है। ऊंची कूद में निषाद कुमार ने रजत पदक जीता, तो डिस्कस थ्रो में विनोद कुमार ने कांस्य पदक जीता है। आपकी सफलताओं पर देश को गर्व है... भावी सफलताओं के लिए हार्दिक शुभकामनाएं!

प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई -

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, टोक्यो से एक और खुशी की खबर आई है। निषाद कुमार के पुरुषों की ऊंची कूद टी-47 में रजत पदक जीतने से बेहद खुश हूं। वह उत्कृष्ट कौशल और दृढ़ता के साथ एक असाधारण एथलीट हैं। उन्हें बधाई।



Related Tags :
Similar Posts