< Back
छत्तीसगढ़
रायपुर समेत इन इलाकों में बरसेंगे बादल, मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट
छत्तीसगढ़

Weather Update: रायपुर समेत इन इलाकों में बरसेंगे बादल, मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट

Deeksha Mehra
|
25 May 2025 8:13 AM IST

Chhattisgarh Weather Alert : रायपुर। भारत में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने इस बार समय से पहले अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है, जिसने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां बेहद अनुकूल हैं, जिसके चलते छत्तीसगढ़ में 5 से 6 जून तक मानसून के पहुंचने की संभावना है।

नौतपा की शुरुआत से पहले ही रायपुर और प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहे और हल्की बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया। सुबह की बौछारों ने जहां ठंडक का अहसास कराया, वहीं दोपहर की उमस ने लोगों को थोड़ा परेशान भी किया।

मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम विभाग ने रायपुर, महासमुंद, बलोदा-बाजार, और बिलासपुर जैसे क्षेत्रों में अगले तीन घंटों के लिए तेज हवाओं, मेघगर्जन, और मध्यम बारिश की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर वज्रपात का भी खतरा है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। बीते 24 घंटों में छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज की गईं। इस दौरान बिलासपुर में सबसे अधिक 35 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मानसून की अनुकूल परिस्थितियां

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसून के आगे बढ़ने के लिए मौसमी परिस्थितियां अनुकूल हैं। अगले दो-तीन दिनों में मानसून मध्य अरब सागर, गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, और उत्तर-पूर्व भारत के कुछ हिस्सों तक पहुंच सकता है।

एक द्रोणिका (ट्रफ) पूर्व-मध्य अरब सागर से दक्षिण छत्तीसगढ़ तक फैली है, जो दक्षिण कोंकण, दक्षिण-मध्य महाराष्ट्र, और उत्तर तेलंगाना से होकर गुजर रही है। यह 1.5 से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है।

इसके अलावा, पश्चिमी राजस्थान से विदर्भ तक एक और द्रोणिका 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर मौजूद है। उत्तर तटीय ओडिशा में एक चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है, जो बारिश की गतिविधियों को और बढ़ा सकता है।

रायपुर का मौसम

आज रायपुर में मौसम बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना के साथ मेघाच्छन्न रहेगा। अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर वज्रपात की चेतावनी दी है। खासकर दक्षिण छत्तीसगढ़ में अधिक बारिश की संभावना है।

Similar Posts