छत्तीसगढ़
20 नवंबर को अम्बिकापुर में जनजातीय गौरव दिवस: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु होंगी शामिल
छत्तीसगढ़

20 नवंबर को अम्बिकापुर में जनजातीय गौरव दिवस: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु होंगी शामिल

Swadesh Bhopal
|
5 Nov 2025 11:19 AM IST

भगवान बिरसा मुंडा का जन्मदिन 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में 19 और 20 नवंबर को अम्बिकापुर के पीजी मैदान में भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में 20 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शामिल होंगी।

तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक

छत्तीसगढ़ के आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम की अध्यक्षता में नवा रायपुर स्थित उनके शासकीय निवास कार्यालय में तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, आयुक्त डॉ. सारांश मित्तर, संयुक्त सचिव बी.एस. राजपूत, अपर संचालक संजय गौड़, कार्यक्रम की नोडल अधिकारी गायत्री नेताम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में सरगुजा संभाग के सभी जिलों के सहायक आयुक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर जमुई, बिहार में आयोजित समारोह में उनके जन्म दिवस 15 नवंबर को देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का आह्वान किया था। प्रधानमंत्री ने मुंडा के सम्मान में एक स्मारक, सिक्का और डाक टिकट का भी अनावरण किया था।

आयोजन होगा गौरवपूर्ण और प्रभावशाली

मंत्री नेताम ने बैठक में कहा कि जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन गौरवपूर्ण और प्रभावशाली होना चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी-कर्मचारी संवेदनशीलता के साथ अभी से तैयारी शुरू कर दें। उन्होंने कार्यक्रम में जनजातीय नृत्य, लोककला, संगीत सहित विविध आयोजनों की भी तैयारी करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

Similar Posts