< Back
छत्तीसगढ़
सूटकेस में लाश मिलने के मामले में बड़ा अपडेट, पुलिस के हाथ लगा अहम सबूत
छत्तीसगढ़

CG Crime News: सूटकेस में लाश मिलने के मामले में बड़ा अपडेट, पुलिस के हाथ लगा अहम सबूत

Deeksha Mehra
|
24 Jun 2025 11:02 AM IST

Raipur Indraprastha Colony Murder Case Update : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सूटकेस में लाश मिलने के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को इस मामले में अहम सुबूत मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

जानकारी के मुताबिक, रायपुर के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में सोमवार 23 जून 2025 को एक सुनसान स्थान पर स्टील की पेटी के अंदर लाल रंग के सूटकेस में एक अज्ञात युवक का शव मिला। शव को सीमेंट से ढककर पेटी में बंद किया गया था, जिससे यह मामला पूर्व नियोजित हत्या का प्रतीत होता है।

पुलिस को मिला महत्वपूर्ण सुराग

पुलिस जांच में एक महत्वपूर्ण सुराग सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि इंद्रप्रस्थ कॉलोनी फेस 02 से एक कार, जिसका नंबर CG 04 B 7700 है, स्टील की पेटी को ले जाती हुई दिखाई दी। यह कार एक अल्टो थी, और पुलिस ने इसे प्रमुख सुराग मानते हुए जांच शुरू कर दी है। डीडी नगर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें इस मामले की गहन जांच में जुटी हैं।

हत्या की आशंका और शव की स्थिति

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) दौलतराम पोर्ते ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच है, और शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत होता है। शव पर गर्दन के आसपास गहरे चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका है कि युवक की हत्या गर्दन काटकर की गई। शव को लाल रंग के सूटकेस में डाला गया और सीमेंट से ढककर स्टील की पेटी में बंद किया गया, ताकि उसकी दुर्गंध से किसी को भनक न लगे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है, और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से हत्या के कारणों और समय का स्पष्ट पता चलने की उम्मीद है।

‘हब्बू भाई’ सुराग की जांच

पेटी पर ‘हब्बू भाई’ नाम लिखा हुआ मिला, जिसे पुलिस एक महत्वपूर्ण सुराग मान रही है। इस सुराग के आधार पर पुलिस ने रायपुर के गोलबाजार स्थित पेटी लाइन और शहर की अन्य पेटी दुकानों की जांच शुरू कर दी है। यह संभावना जताई जा रही है कि यह नाम हत्यारों या पेटी के मालिक से जुड़ा हो सकता है। पुलिस इस दिशा में गहनता से तफ्तीश कर रही है।

नहीं हो सकी मृतक की पहचान

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस लापता व्यक्तियों की शिकायतों, डिजिटल सर्विलांस और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की मदद से मृतक की पहचान करने की कोशिश कर रही है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि मृतक रायपुर या आसपास के किसी जिले का निवासी हो सकता है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी लापता व्यक्ति या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हो, तो वे तुरंत डीडी नगर थाना से संपर्क करें।

इस घटना के बाद इंद्रप्रस्थ कॉलोनी और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। पूर्व कांग्रेस विधायक विकास उपाध्याय ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रदेश में अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है, और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Similar Posts