< Back
छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ में बारिश का सिलसिला जारी, अगले 5 दिन बारिश की संभावना
छत्तीसगढ़

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में बारिश का सिलसिला जारी, अगले 5 दिन बारिश की संभावना

Deeksha Mehra
|
25 Jun 2025 8:19 AM IST

CG Weather Update : रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज अब बदलने की ओर है। आगामी कुछ दिनों में पूरे प्रदेश में हल्की से लेकर मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। खासकर उत्तरी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की आशंका भी व्यक्त की गई है। राजधानी रायपुर में बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा कम रहा।

पिछले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ के ज्यादातर इलाकों में बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान सबसे अधिक वर्षा बलरामपुर और बीजापुर जिलों में हुई। वहीं, दुर्ग में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस और पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मानसून की सक्रियता के कारण राज्य में बारिश का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है।

मौसमी सिस्टम का प्रभाव

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश के दक्षिणी-मध्य हिस्सों से लेकर उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक एक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) बनी हुई है, जो उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड और उत्तरी ओडिशा से होकर 1.5 किमी की ऊंचाई तक फैली है। इसके अलावा, पंजाब से लेकर उत्तरी बांग्लादेश तक एक और द्रोणिका 0.9 किमी की ऊंचाई पर मौजूद है, जो दक्षिणी मध्य उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण से होकर गुजर रही है।

दक्षिणी झारखंड और आसपास के क्षेत्रों में 3.1 किमी से 7.6 किमी की ऊंचाई के बीच एक ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुका हुआ है। उत्तर-पूर्वी अरब सागर से लेकर दक्षिणी झारखंड तक एक और द्रोणिका 3.1 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। इसके अतिरिक्त, मध्य असम और आसपास के क्षेत्रों में 0.9 किमी की ऊंचाई पर एक चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है। इन मौसमी सिस्टम्स के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

रायपुर का आज का मौसम

राजधानी रायपुर में आज मौसम सामान्यतः बादल छाए रहने वाला है। मौसम विभाग ने एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान तापमान 25 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। रायपुरवासियों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन उमस का प्रभाव बना रह सकता है।

Similar Posts