छत्तीसगढ़
BJP

CG Nikay Chunav Result

छत्तीसगढ़

CG Nikay Chunav Result: भाजपा ने दिखाया 10 का दम, कांग्रेस हो गई बेदम, राज्य के 10 नगर निगमों में भाजपा का कब्जा

Gurjeet Kaur
|
15 Feb 2025 10:28 PM IST

CG Nikay Chunav Result : छत्तीसगढ़। राज्य में नगरीय निकाय चुनावों में भाजपा ने जीत का परचम लहराया है। 10 नगर निगमों में से पूरे 10 निगमों में भाजपा ने कांग्रेस को हराया। वहीं, विधानसभा और लोकसभा चुनाव के बाद नगरीय निकाय चुनाव में भी कांग्रेस पर जनता ने भरोसा नहीं किया।

इसके साथ ही रायपुर शहर के 70 वार्डों में से 60 वार्डों में भी भाजपा ने जीत दर्ज कराई है। वहीं रायपुर शहर में 15 वर्षों से चल रहा सूखा खत्म हुआ और आखिरकार भाजपा की जीत हुई। यहां भाजपा की महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे ने सबसे बड़ी जीत दर्ज करते हुए 153290 वोट से कांग्रेस प्रत्याशी दीप्ति दुबे को मात दी। रायपुर में महापौर चुनाव में कुल 509146 वोट पड़े, इनमें से मीनल चौबे को 313835 वोट मिले। निकाय चुनाव में कांग्रेस पूरी तरह से क्लिन स्वीप हो गई है।

नगर पालिका और नगर पंचायत में भी लहराया भगवा

अभी तक की स्थिति में 49 नगर पालिका में से 35 में भाजपा जीत रही है, वहीं 114 नगर पंचायत में से 84 में भाजपा जीत चुकी है। मतगणना पूरी होते-होते थोड़ा सा बदलाव देखने को मिल सकता है।

यह रही 10 निगमों की स्थिति

रायपुर नगर निगम भाजपा प्रत्याशी मीनल चौबे ने कांग्रेस की दीप्ति दुबे को 153290 वोट से हराया।

दुर्ग नगर निगम में भाजपा की महापौर प्रत्याशी अल्का बाघमार ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमलता साहू को 67 हजार वोट से हराया।

कोरबा नगर निगम में भाजपा प्रत्याशी संजू देवी ने कांग्रेस प्रत्याशी उषा तिवारी को 52000 वोट से हराया।

अंबिकापुर नगर निगम में भाजपा प्रत्याशी मंजूषा भगत ने कांग्रेस प्रत्याशी अजय तिर्की को 11063 वोट से हराया।

राजनांदगांव नगर निगम में भाजपा प्रत्याशी मधुसूदन यादव ने कांग्रेस के निखिल द्विवेदी को 66179 वोट से हराया।

रायगढ़ नगर निगम में भाजपा प्रत्याशी जीववर्धन चौहान ने कांग्रेस की जानकी काट्जू को 34365 वोट से हराया।

जगदलपुर नगर निगम में भाजपा के संजय पांडेय ने कांग्रेस के मलकीत सिंह गैदू को 8772 वोट से हराया।

चिरमिरी नगर निगम में भाजपा के रामनरेश राय ने कांग्रेस के विनय जायसवाल को 4000 वोट से हराया।

धमतरी नगर निगम में भाजपा के जगदीश रामू रोहरा ने 34085 वोट से जीत दर्ज की।

बिलासपुर नगर निगम से भाजपा प्रत्याशी पूजा विधानी ने कांगेस प्रत्याशी प्रमोद नायक को 66179 वोट से हराया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, अटल विश्वास पत्र में किया वादा करेंगे पूरा

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के 10 निगमों में भाजपा की जीत पर जनता के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि अटल विश्वास पत्र में किए गए वायदों को शत-प्रतिशत पूरा करने का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदाताओं ने भाजपा पर भरोसा किया है, मोदी की गारंटी पर भरोसा किया है। राज्य सरकार ने पिछले 13 महीनों में जो विकास कार्य किया है, उस पर जनता ने भरोसा दिखाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस से रायपुर का महापौर बनने वाले इस बार पार्षद का चुनाव भी नहीं जीत पाए।

छत्तीसगढ़ से कांग्रेस का कुशासन समाप्त: किरण सिंह देव

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा है कि प्रदेश से कांग्रेस का कुशासन समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि जनता जनार्दन ने भाजपा के प्रति पूर्ण भरोसा जताया है। कांग्रेस के झूठे प्रचार के बाद भी शहरों, नगरों की जनता ने भाजपा को चुना। प्रदेश के 10 निगमों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश बड़ी तेजी के साथ विकास के नए आयाम रच रहा है।

जनादेश शिरोधार्य-बैज

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि चुनाव परिणाम हमारी अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं आए। जनादेश शिरोधार्य है। कांग्रेस ने पूरी ताकत व एकजुटता के साथ चुनाव लड़ा। सभी वरिष्ठ चुनाव अभियान का हिस्सा थे। भाजपा निकाय चुनाव के पहले ही सत्ता का दुरुपयोग कर रही थी।

बैज की छुट्टी तय

निकाय चुनाव के परिणाम आते ही कांग्रेस संगठन में उच्च स्तर पर बदलाव की चर्चा शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की छुट्टी तय मानी जा रही है। इस चर्चा को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के राष्ट्रीय महासचिव बनने के बाद बल मिल गया। कहा जा रहा है कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने बैज को बदलने का निर्णय लिया है।

Similar Posts