< Back
छत्तीसगढ़
दुर्ग तक पहुंचा मानसून, आज राज्य के बाकी हिस्सों में हो सकता है सक्रिय
छत्तीसगढ़

CG Monsoon Update: दुर्ग तक पहुंचा मानसून, आज राज्य के बाकी हिस्सों में हो सकता है सक्रिय

Deeksha Mehra
|
17 Jun 2025 6:47 AM IST

Chhattisgarh Monsoon Update : रायपुर। दक्षिण पश्चिम मानसून बस्तर पहुंचने के करीब 21 दिन बाद सोमवार को दुर्ग तक पहुंच गया है। परिस्थितियां मानसून के आगे बढऩे के अनुकूल बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि मंगलवार को यह रायपुर समेत राज्य के बाकी हिस्सों में भी सक्रिय हो जाएगा।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार दक्षिण पश्चिम मानसून सम्पूर्ण कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात के कुछ भाग, दक्षिण पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ के कुछ और भाग, छत्तीसगढ़ के कुछ और भाग, उड़ीसा और उप हिमालयीन पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम के कुछ और भाग में पहुंच गया है। मानसून की उत्तरी सीमा वेरावल, भावनगर, बड़ोदरा, खरगोन, अमरावती, दुर्ग, बरगढ़, चांद वाली, संधेड आयरलैंड, बालूरघाट है।

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुआ चक्रवात

मौसम विज्ञानियों के अनुसार एक साथ तीन सिस्टम सक्रिय हैं। बंगाल की खाड़ी में एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। इसके साथ ही एक द्रोणिका पूर्वी मध्य प्रदेश से बांग्लादेश तक छत्तीसगढ़, झारखंड और गंगेटिक पश्चिम बंगाल तब बनी हुई है। तीसरा सिस्टम पश्चिमी विक्षोभ के रूप में सक्रिय है। ये सिस्टम मानसून के आगे बढऩे के लिए अनुकूल है।

राज्य के 8 जिलों में आरेंज अलर्ट

मानसून के पहुंचने के साथ ही राज्य के 8 जिलों में भारी बारिश का आरेंज अलर्ट जारी हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार सारंगढ़, सक्ती, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, मुंगेली, जीपीएम, कोरबा और रायगढ़ में अगले चौबीस घंटो के दौरान गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान कहीं- कहीं ओले गिरने की भी संभावना है।

पूरे राज्य में बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने मंगलवार को पूरे राज्य में अच्छी बारिश की संभावना व्यक्त की है। बस्तर संभाग में कुछ एक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। सरगुजा और बिलासपुर संभाग के अधिकांश स्थानों और राज्य के बाकी हिस्सों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। इस दौरान प्रदेश में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने तथा वज्रपात होने की भी संभावना है।

मानसून के पहुंचते ही तरबतर हुआ दुर्ग

मानसून के पहुंचते ही दुर्ग में जमकर बारिश हुई। कुछ ही घंटे में वहां करीब 6 सेमी बारिश दर्ज की गई। कवर्धा और गुंडरदेही में 4-4 सेमी, जांजगीर, बिलासपुर, भिलाई, राजनांदगांव में 3-3 सेमी समेत राज्य के अनेक स्थानों पर एक से तीन सेमी तक बारिश हुई है।


Similar Posts