< Back
छत्तीसगढ़
जनजातीय गौरव दिवस 2024

जनजातीय गौरव दिवस 2024

छत्तीसगढ़

जनजातीय गौरव दिवस 2024: बिरसा मुंडा जयंती आज, सीएम साय बोले- ये जनजातीय गौरव के सम्मान का दिन

Deeksha Mehra
|
15 Nov 2024 8:50 AM IST

Birsa Munda Jayanti 2024 : रायपुर। आदिवासी जन चेतना के लोकनायक भगवान बिरसा मुंडा की 15 नबंवर को 150वीं जयंती है। इसे जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाएगा। बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें नमन कर कहा कि, यह जनजातीय के गौरव के लिए सम्मान का दिन है। उन्होंने प्रदेशवासियों को जयंती पर शुभकामनाएं दी और कहा कि, भगवान बिरसा मुंडा देश के जनजातीय समुदायों के शौर्य, साहस, पराक्रम और बलिदान के प्रतीक हैं।

सीएम साय ने आगे कहा कि, जनजातीय गौरव के सम्मान का यह दिवस देश के सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करने के साथ ही जनजातीय समाज के योगदान को सम्मानित करने का भी अवसर है। उन्होंने देश के अमर नायकों और बलिदानियों को नमन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर हर साल 15 नवंबर को 'जनजातीय गौरव दिवस' मनाया जाता है।

बिरसा मुंडा ने जल, जंगल, जमीन के बारे में किया जागरूक

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जननायक थे, उन्होंने आदिवासी समुदाय को जल, जंगल, जमीन के बारे में जागरूक किया और उन्हें अपने हक की लड़ाई लड़ने की प्रेरणा दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिरसा मुंडा जी ने तत्कालीन ब्रिटिश साम्राज्य की नीतियों का विरोध किया और आदिवासियों की सामाजिक-आर्थिक उन्नति के लिए जीवन भर काम किया। उनके क्रांतिकारी विचार और देश प्रेम की भावना आज भी हम सभी को प्रेरित करती है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में जनजातीय समाज के उत्थान के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। भगवान बिरसा मुंडा जी से प्रेरणा लेकर हमारा प्रदेश आगे बढ़े और विकास के पथ पर सतत अग्रसर रहे, इस के प्रयास हम सभी को मिलजुलकर करने हैं।

Similar Posts