< Back
छत्तीसगढ़
Chhattisgarh Paddy Purchase 2024

Chhattisgarh Paddy Purchase 2024

छत्तीसगढ़

रायपुर: छत्तीसगढ़ में अबतक 6 लाख 76 हजार मीट्रिक टन हुई धान खरीद, एक लाख से ज्यादा किसानों ने बेची धान

Deeksha Mehra
|
24 Nov 2024 10:52 AM IST

Chhattisgarh Paddy Purchase 2024: रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का सिलसिला जारी है। 14 नवम्बर से शुरू हुए धान खरीदी अभियान में अब तक 6.76 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी हो चुकी है। राज्य में अब तक 1.44 लाख किसानों ने अपना धान बेचा है। बता दें कि, धान खरीदी का यह अभियान 31 जनवरी 2025 तक चलेगी।

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस खरीफ वर्ष के लिए 27.68 लाख किसानों द्वारा पंजीयन कराया गया है। इसमें 1.45 लाख नए किसान शामिल है। इस वर्ष 2739 उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी अनुमानित है।

अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, 22 नवम्बर को 24602 किसानों से 1.22 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी हुई है। इसके लिए 25840 टोकन जारी किए गए थे। धान खरीदी के एवज में किसानों को बैंक लिकिंग व्यवस्था के तहत 1288 करोड़ 55 लाख रूपए का भुगतान किया गया है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विपक्ष पर हमलावर होते हुए कहा कि इस साल भी किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान के मान से ही धान खरीदी की जा रही है। किसानों को इस मामले को लेकर किसी प्रकार का भ्रम नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में भ्रम फैलाने वालों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। बता दें कि, पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने बीते दिनों छत्तीसगढ़ में सरकार द्वारा धान नहीं खरीदने की बात कही थी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि धान खरीदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रदेश के पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी कर रही है। किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए उपार्जन केन्द्रों के माईक्रोएटीएम से 2000 रूपए से लेकर 10 हजार रूपए तक की राशि निकालने की सुविधा भी दी गई है।


Similar Posts