< Back
छत्तीसगढ़
MP Weather Update

MP Weather Update

छत्तीसगढ़

CG Weather Update: बस्‍तर में अंधड़ और गरज-चमक, प्रदेश में चार डिग्री तक बढ़ेगा पारा; यलो अलर्ट

Deeksha Mehra
|
18 April 2025 7:45 AM IST

Chhattisgarh Weather Update : रायपुर। छत्तीसगढ़ के लोगों को एक बार फिर से गर्मी की मार झेलनी पड़ रही है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज से तापमान में इजाफा शुरू हो गया है। राजधानी रायपुर सहित राज्य के कई जिलों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है। वहीं, बस्‍तर संभाग के कुछ हिस्सों में राहत की उम्मीद भी जताई जा रही है, क्योंकि वहां बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

कोंडागांव, नारायणपुर, कांकेर, बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जैसे बस्‍तर संभाग के जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग ने बस्‍तर के निवासियों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति को देखते हुए ही घर से बाहर निकलें या यात्रा करें। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी भी हो सकती है, जिसके चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

रायपुर में गर्मी के साथ-साथ उमस ने भी लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। गुरुवार को यहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा था। आज दिन में पारा 40 डिग्री और रात में 27 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। उमस और गर्मी की दोहरी मार से लोग रात को भी चैन की नींद नहीं ले पा रहे हैं।

दूसरी ओर, राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला बनकर उभरा है। यहां तापमान में फिर से उछाल देखा गया और पारा 41 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। रात का तापमान भी 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों में दुर्ग संभाग में गर्मी और तेज होगी।

रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभागों में आने वाले पांच दिनों में दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, पूर्व-पश्चिम द्रोणिका और समुद्र से आने वाली नमी के प्रभाव से कुछ इलाकों में हल्की बारिश की भी संभावना बनी हुई है।

वहीं, बस्‍तर और सरगुजा के लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। अंबिकापुर और जगदलपुर जैसे शहरों में तापमान सामान्य से कम रहा। अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि जगदलपुर में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम है।

Similar Posts