< Back
Breaking News
फिरोजपुर बॉर्डर से पाकिस्तान रेंजर्स ने BSF के एक जवान को बनाया बंधक…
Breaking News

बड़ी खबर: फिरोजपुर बॉर्डर से पाकिस्तान रेंजर्स ने BSF के एक जवान को बनाया बंधक…

Swadesh Digital
|
24 April 2025 5:02 PM IST

नई दिल्ली: भारत-पाकिस्तान सीमा से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। पंजाब के फिरोजपुर जिले में तैनात सीमा सुरक्षा बल (BSF) के एक जवान को पाकिस्तानी रेंजर्स ने उस समय गिरफ्तार कर लिया जब वह अनजाने में जीरो लाइन पार कर गया।

घटना के बाद से दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है और BSF के वरिष्ठ अधिकारी लगातार पाकिस्तानी रेंजर्स से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला है।

कैसे हुई चूक?

यह मामला फिरोजपुर जिले के ममदोट सेक्टर का है, जो भारत-पाक सीमा से सटा हुआ क्षेत्र है। जानकारी के मुताबिक, हाल ही में श्रीनगर से ट्रांसफर होकर आए दो जवानों की तैनाती यहां के सीमावर्ती खेतों के पास की गई थी। यह इलाका बेहद संवेदनशील है, जहां कई किसानों की जमीनें बॉर्डर के नज़दीक स्थित हैं और BSF जवानों को उनकी सुरक्षा के लिए तैनात किया जाता है।

बताया जा रहा है कि बीएसएफ का एक जवान जिसका नाम पीके सिंह है, को इस क्षेत्र के 'जीरो लाइन' यानी वास्तविक सीमा रेखा की स्पष्ट जानकारी नहीं थी। जब एक किसान खेत में मशीन चला रहा था, तब यह जवान भी अपनी ड्यूटी पर तैनात था। गर्मी से राहत पाने के लिए वह एक पेड़ के नीचे बैठ गया, लेकिन अनजाने में वह पाक सीमा की ओर कुछ आगे निकल गया था।

राइफल छीनी, जवान को बनाया बंधक

जैसे ही वह जवान जीरो लाइन पार कर पाकिस्तानी सीमा में दाखिल हुआ, पाक रेंजर्स ने मौके का फायदा उठाते हुए उसकी राइफल छीन ली और उसे पकड़कर अपने साथ ले गए। यह पूरी घटना इतनी तेजी से घटी कि भारतीय साथी जवान कुछ समझ ही नहीं पाए।

BSF अधिकारियों की पुष्टि और कार्रवाई

सूत्रों के अनुसार, जैसे ही इस घटना की सूचना बीएसएफ के सीनियर अधिकारियों को मिली, उन्होंने तुरंत पाकिस्तानी रेंजर्स से संपर्क साधा और जवान की सुरक्षित वापसी की मांग की। हालांकि अब तक पाकिस्तान की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

BSF की तरफ से कहा गया है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और उच्च स्तरीय बातचीत के जरिये जवान की रिहाई की कोशिशें जारी हैं।

संवेदनशील हुआ सीमा क्षेत्र

इस घटना के बाद से बॉर्डर एरिया में हाई अलर्ट है। जवानों की सतर्कता और निगरानी और बढ़ा दी गई है। स्थानीय प्रशासन भी घटनास्थल पर पहुंच गया है और ग्रामीणों को सीमा रेखा के आसपास सतर्क रहने की हिदायत दी जा रही है।

Similar Posts