< Back
Breaking News
पुरी में मची भगदड़ के चलते 3 लोगों की मौत, कई घायल, सीएम बोले दोषियों के खिलाफ एक्शन लेंगे
Breaking News

Jagannath Rath Yatra Stampede: पुरी में मची भगदड़ के चलते 3 लोगों की मौत, कई घायल, सीएम बोले दोषियों के खिलाफ एक्शन लेंगे

Gurjeet Kaur
|
29 Jun 2025 12:02 PM IST

Jagannath Rath Yatra stampede : पुरी। ओडिशा के पुरी में गुंडिचा मंदिर के बाहर रविवार सुबह भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस घटना में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक अन्य घायल हो गए। वार्षिक रथ यात्रा उत्सव के लिए पुरी में लाखों श्रद्धालु एकत्रित हुए हैं। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भगवान जगन्नाथ के भक्तों से क्षमा मांगी है।

यह घटना सारधाबली में सुबह 4-4:20 बजे के आसपास हुई, जब कथित तौर पर धार्मिक सामग्री ले जा रहा एक वाहन भीड़ में घुस गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस व्यवस्था या अधिकारी नहीं थे।

मृतकों में महिलाएं भी शामिल

अस्पताल के अधिकारियों ने कहा कि, कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल होने के कारण अस्पताल में भर्ती हैं। अधिकारियों ने पुष्टि की कि मृतकों में महिलाएं भी शामिल हैं लेकिन कहा कि पीड़ितों की पहचान अभी भी सत्यापित की जा रही है।

दर्शन शुरू होने पर अचानक भीड़ बढ़ गई

पुरी कलेक्टर सिद्धार्थ शंकर स्वैन ने कहा कि, तीन मरीजों की मौत हो गई है, जबकि छह अन्य का पुरी अस्पताल में इलाज चल रहा है। स्वैन ने संवाददाताओं से कहा, "मौके पर मौजूद अधिकारियों की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, दर्शन शुरू होने पर अचानक भीड़ बढ़ गई थी। घायल मरीजों की हालत स्थिर है।"

अक्षम्य है यह लापरवाही

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि "यह लापरवाही अक्षम्य है। सुरक्षा चूक की तत्काल जांच की जाएगी और मैंने निर्देश दिया है कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।"

ओडिशा के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने कहा कि उन्होंने सीएम माझी को घटना के बारे में जानकारी दी है। हरिचंदन ने कहा, "जल्द ही मामले की जांच शुरू की जाएगी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।" हालांकि, पुरी के एसपी विनीत अग्रवाल ने मौके पर पुलिस की अनुपस्थिति के आरोपों को खारिज कर दिया। पुरी के एसपी ने कहा, "आवश्यकता के अनुसार तैनाती की गई थी।" ओडिशा के डीजीपी वाई बी खुरानिया भी घटना के बाद मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

बीजद प्रमुख नवीन पटनायक ने कहा है कि, ओडिशा सरकार से आग्रह है कि वह रथ यात्रा के महत्वपूर्ण अनुष्ठानों को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए तत्काल सुधारात्मक उपाय लागू करे।

वार्षिक रथ यात्रा के तहत तीन प्रमुख देवताओं के रथ शनिवार को सारधाबली पहुंचे। गुंडिचा मंदिर के लिए औपचारिक जुलूस रविवार शाम को निर्धारित है।

Similar Posts