< Back
नई दिल्ली
दिल्ली चुनाव के बाद मिलेगा बीजेपी का नया अध्यक्ष, जानिए कब होगा चुनाव
नई दिल्ली

BJP New President: दिल्ली चुनाव के बाद मिलेगा बीजेपी का नया अध्यक्ष, जानिए कब होगा चुनाव

Deeksha Mehra
|
19 Jan 2025 11:18 AM IST

BJP President Election : दिल्ली। बीजेपी को जल्द ही नया अध्यक्ष मिल सकता है। पार्टी में अध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इसकी पूरी उम्मीद है कि यह चुनाव फरवरी तक संपन्न हो जाएगा। सूत्रों के अनुसार, दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद बीजेपी को नया अध्यक्ष मिलेगा।

दिल्ली में 5 फरवरी को विधानसभा चुनाव की वोटिंग होनी है और 8 फरवरी को चुनाव परिणाम घोषित होंगे। ऐसे में बीजेपी का पूरा ध्यान इस चुनाव पर केंद्रित है और संगठन दिल्ली चुनाव में जीत हासिल करने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक रहा है। इस दौरान जेपी नड्डा के अध्यक्ष रहते ही बीजेपी दिल्ली विधानसभा का चुनाव लड़ेगी।

बीजेपी में अध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया इस समय चल रही है, जिसमें मंडल से लेकर जिला और प्रदेश इकाई के अध्यक्षों का चयन किया जा रहा है। पार्टी के सूत्रों के मुताबिक, 10 से 20 फरवरी के बीच बीजेपी अध्यक्ष का चुनाव हो सकता है। राष्ट्रीय परिषद और प्रदेश परिषद के सदस्य भी चुने जा रहे हैं, जो आगामी राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में अहम भूमिका निभाएंगे। हालांकि अब तक केवल चार राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव हो चुका है।

बीजेपी के संविधान के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए कम से कम 50 प्रतिशत राज्य इकाइयों में संगठन चुनाव पूरा होना जरूरी है। पार्टी के नेताओं का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया तय कार्यक्रम के अनुसार चल रही है और इसे समय पर पूरा किया जाएगा। इस दौरान, महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनावों के कारण सदस्यता अभियान थोड़ी देर से शुरू हुआ था।

जेपी नड्डा ने पार्टी अध्यक्ष के तौर पर अपना तीन साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है। उनका कार्यकाल पिछले साल जनवरी में समाप्त हो गया था, लेकिन लोकसभा चुनावों के मद्देनजर इसे बढ़ा दिया गया था। नड्डा ने फरवरी 2020 में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभाला था और इस समय वे मोदी कैबिनेट का हिस्सा हैं, साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। अब नड्डा की जगह नए अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा।


Similar Posts