< Back
उत्तरप्रदेश
महाराजगंज में निर्माणाधीन पुल ढहा, घायल मजदूरों को जिला अस्पताल किया रेफर
उत्तरप्रदेश

Bridge Collapses: महाराजगंज में निर्माणाधीन पुल ढहा, घायल मजदूरों को जिला अस्पताल किया रेफर

Deeksha Mehra
|
29 April 2025 10:27 AM IST

उत्तर प्रदेश। महाराजगंज के मोहनापुर ढाला के पास सोनौली-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक निर्माणाधीन पुल के ढह जाने से छह से सात मजदूर घायल हो गए, एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

यह दुर्घटना सोमवार रात को चल रहे सड़क निर्माण कार्य के दौरान हुई। स्थानीय पुरंदरपुर थाने के स्टेशन हाउस ऑफिसर धर्मेंद्र सिंह ने कहा, "राजमार्ग निर्माण गतिविधि के दौरान, निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा अचानक ढह गया, जिससे कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुल ढह जाने से श्रमिक योगेश (25) पुत्र पूरन सिंह, योगेश (24) पुत्र मंगल सिंह, प्रेमपाल (27) पुत्र भगवान सिंह, अनिल(29) पुत्र रविन्द्र सिंह, टिंकू सिंह (31) पुत्र भोला सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। इनके अलावा लोनी, सुरेन्द्र भी घायल हुए हैं।

घायल मजदूरों को एंबुलेंस से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी फरेंदा में भर्ती किया गया। वहीं हादसे के बाद रात में पुल का मलबा हटाया जाने लगा। जानकारी मिलते ही पुरंदरपुर एसओ व फायर ब्रिगेड के अधिकारी वीरसेन सिंह घटनास्थल पर पहुंच गए।

मोहनापुर उत्तरी बाईपास पर बन रहे दूसरे निर्माणाधीन फ्लाई ओवर का स्लैब अचानक भरभराकर गिरने के बाद इसके निर्माण पर सवाल उठने लगे। लोगों का कहना है कि शुक्र है हादसा रात में हुआ। यदि सुबह या दिन में हुआ होता तो राहगीर भी चपेट में आ सकते थे।

Similar Posts