< Back
राजस्थान
Rajasthan Heatwave

Rajasthan Heatwave

राजस्थान

Heatwave: भीषण गर्मी की चपेट में राजस्थान, श्रीगंगानगर में रिकॉर्ड तोड़ अधिकतम तापमान 49.4 डिग्री दर्ज

Gurjeet Kaur
|
13 Jun 2025 9:38 PM IST

Rajasthan Heatwave : राजस्थान भीषण गर्मी की चपेट में है। इससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। तापमान नए रिकॉर्ड बना रहा है। आज (13 जून) श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 49.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसने पिछले 35 सालों में जून के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। पिछला रिकॉर्ड 1 जून 2018 को 49.1 डिग्री सेल्सियस था।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया, "राजस्थान के श्रीगंगानगर में आज 13 जून 2025 को अधिकतम तापमान 49.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भारत में वर्ष 2025 के लिए किसी भी स्टेशन द्वारा दर्ज किया गया मौसम का सबसे अधिक अधिकतम तापमान है।"

हालांकि, आज दोपहर राजस्थान के कई जगहों पर मौसम बदल गया, तेज हवाएं चलीं और हल्की बारिश के साथ तूफान का सिलसिला भी चला। झुंझुनू, कोटपुतली-बहरोड़, भरतपुर और बारां में बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया। राजधानी जयपुर में भी बादलों की आवाजाही रही। मौसम विभाग ने आज कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।

जयपुर, भरतपुर, बारां, झालावाड़ और सीकर जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, अलवर, चूरू, अजमेर, दौसा, करौली, धौलपुर और कोटा समेत इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है।

प्रमुख शहरों में तापमान :

राजधानी जयपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस रहा। चूरू में 47.6 डिग्री, जैसलमेर में 46.9 डिग्री, बीकानेर में 46.4 डिग्री, जोधपुर में 46.3 डिग्री, फलौदी और बाड़मेर में 46.2 डिग्री, पिलानी में 45.4 डिग्री, लूणकरणसर में 45.2 डिग्री, पाली और फतेहपुर में 45.0 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 44.9 डिग्री, संगरिया में 44.6 डिग्री, झुंझुनूं में 44.5 डिग्री, नागौर में 44.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार से राजस्थान के कई इलाकों में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो सकती हैं। शनिवार को उदयपुर, कोटा, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां बढ़ने और तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है।

Similar Posts