PPF-Sukanya निवेशकों को राहत, ब्याज दरों में नहीं हुआ कोई बदलाव
नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने जुलाई-सितंबर तिमाही (वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही) के लिए स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स की ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। इसके साथ ही लगातार 10वीं तिमाही है, जब सरकार ने ब्याज दरों को स्थिर रखा है। इससे पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF), सुकन्या समृद्धि योजना (SSY), पोस्ट ऑफिस एफडी और अन्य छोटी बचत योजनाओं में निवेश करने वालों को पहले की तरह ही रिटर्न मिलता रहेगा।
PPF पर 7.1%, सुकन्या योजना पर 8.2% ब्याज
सरकार के फैसले के अनुसार PPF पर 7.1% और सुकन्या समृद्धि योजना पर 8.2% वार्षिक ब्याज मिलता रहेगा। विभिन्न स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स पर फिलहाल 4% से 8.2% तक ब्याज दिया जा रहा है। सरकार ने आखिरी बार दिसंबर 2023 में इन योजनाओं की ब्याज दरों में बढ़ोतरी की थी।
हर तीन महीने में होती है समीक्षा
स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स की ब्याज दरों की समीक्षा हर तिमाही की जाती है। सरकार ब्याज दर तय करते समय महंगाई, नकदी की स्थिति और सरकारी बॉन्ड की यील्ड जैसे आर्थिक संकेतकों को ध्यान में रखती है। श्यामला गोपीनाथ समिति की सिफारिश के अनुसार इन योजनाओं की ब्याज दरें समान अवधि वाले सरकारी बॉन्ड की यील्ड से 0.25% से 1% अधिक रखी जाती हैं।
घरेलू बचत का बड़ा आधार हैं ये योजनाएं
स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स भारत में घरेलू बचत का प्रमुख माध्यम हैं। इन योजनाओं में जमा राशि नेशनल स्मॉल सेविंग्स फंड (NSSF) में जमा की जाती है। इनमें पोस्ट ऑफिस सेविंग अकाउंट, रिकरिंग डिपॉजिट, टाइम डिपॉजिट, मंथली इनकम स्कीम, नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट (NSC), किसान विकास पत्र (KVP), PPF, सुकन्या समृद्धि योजना और वरिष्ठ नागरिक बचत योजना (SCSS) जैसी योजनाएं शामिल हैं।