क्या बिजली का बिल बिगाड़ रहा है बजट? जानिए बिजली बचाने के आसान तरीके
देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच लोगों की परेशानी अब सिर्फ तापमान तक सीमित नहीं रही। बढ़ते बिजली बिल ने भी आम परिवारों का बजट बिगाड़ना शुरू कर दिया है। एयर कंडीशनर, कूलर, पंखे और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के लगातार इस्तेमाल से बिजली की खपत तेजी से बढ़ रही है। इसी बीच लोगों को बिजली बचाने और अनावश्यक खपत कम करने के लिए कुछ जरूरी सुझाव दिए हैं।
क्या होता है ‘वैंपायर लोड’?
विशेषज्ञों के अनुसार कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बंद होने के बाद भी बिजली की खपत करते रहते हैं। इसे ‘वैंपायर लोड’ कहा जाता है। जब टीवी, सेट-टॉप बॉक्स, कंप्यूटर, माइक्रोवेव या म्यूजिक सिस्टम जैसे उपकरणों को केवल रिमोट या पावर बटन से बंद किया जाता है, तब वे पूरी तरह बंद नहीं होते बल्कि स्टैंडबाय मोड में काम करते रहते हैं। इससे लगातार बिजली खर्च होती रहती है।
चार्जर भी बढ़ाते हैं बिजली बिल
मोबाइल या लैपटॉप चार्ज होने के बाद भी यदि चार्जर सॉकेट में लगा रहता है और स्विच ऑन रहता है, तो वह भी बिजली की खपत जारी रखता है। छोटी-छोटी यह आदतें लंबे समय में बिजली बिल को काफी बढ़ा देती हैं।
बिजली बचाने के आसान तरीके
1. मेन स्विच बंद करना न भूलें
टीवी, कंप्यूटर और अन्य उपकरणों को सिर्फ रिमोट से बंद करने के बजाय मेन स्विच से पूरी तरह बंद करें। इससे स्टैंडबाय बिजली खपत रुक जाएगी।
2. इस्तेमाल के बाद प्लग निकालें
मोबाइल चार्जर, लैपटॉप चार्जर और माइक्रोवेव जैसे उपकरण उपयोग के बाद तुरंत अनप्लग कर दें। इससे अनावश्यक बिजली खर्च कम होगा।
3. पावर स्ट्रिप का करें इस्तेमाल
एक साथ कई उपकरणों को जोड़ने के लिए ऑन-ऑफ स्विच वाली पावर स्ट्रिप उपयोग करना बेहतर माना जाता है। इससे एक ही स्विच से सभी डिवाइस की बिजली सप्लाई बंद की जा सकती है।
गर्मी में बढ़ती खपत बनी चुनौती
विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी के मौसम में बिजली की मांग तेजी से बढ़ती है। ऐसे में ऊर्जा बचत के छोटे उपाय न सिर्फ बिजली बिल कम करते हैं, बल्कि बिजली ग्रिड पर दबाव भी घटाते हैं। ऊर्जा बचत के उपाय अपनाकर उपभोक्ता अपने मासिक खर्च को नियंत्रित कर सकते हैं। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा संसाधनों के संतुलित उपयोग में भी योगदान दे सकते हैं।