भारत सरकार ने Air Suvidha 2.0 पोर्टल लॉन्च किया है

Air Suvidha 2.0 लॉन्च: भारत आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए हेल्थ डिक्लेरेशन फॉर्म अनिवार्य, जानें पूरी प्रक

नई दिल्ली। भारत सरकार ने अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए Air Suvidha 2.0 पोर्टल लॉन्च किया है। अब यूएई समेत दुनिया के किसी भी देश से भारत आने वाले सभी यात्रियों को उड़ान भरने से पहले ऑनलाइन हेल्थ डिक्लेरेशन फॉर्म भरना अनिवार्य होगा। यह नियम भारतीय और विदेशी, दोनों तरह के यात्रियों पर समान रूप से लागू होगा।

सरकार ने यह कदम विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा अफ्रीकी देशों में इबोला वायरस के प्रकोप को अंतरराष्ट्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किए जाने के बाद उठाया है। इसका उद्देश्य संभावित संक्रमण को भारत में प्रवेश करने से रोकना और यात्रियों की स्वास्थ्य निगरानी को मजबूत बनाना है।

WHO की चेतावनी के बाद शुरू हुई नई व्यवस्था

WHO ने 17 मई 2026 को डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (DRC) और युगांडा में इबोला वायरस के प्रकोप को Public Health Emergency of International Concern (PHEIC) घोषित किया था। इसके बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय, दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) और स्वास्थ्य सेवाओं के महानिदेशालय (DGHS) ने मिलकर 25 जून को Air Suvidha 2.0 पोर्टल शुरू किया।

कैसे भरें Air Suvidha 2.0 फॉर्म?

1. जरूरी दस्तावेज तैयार रखें फॉर्म भरने से पहले पासपोर्ट, फ्लाइट नंबर और यात्रा की तारीख अपने पास रखें।

2. आधिकारिक पोर्टल पर जाएं Air Suvidha की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर या एयरलाइन द्वारा उपलब्ध कराए गए QR कोड को स्कैन करके फॉर्म खोला जा सकता है।

3. यात्रा और व्यक्तिगत जानकारी भरें अपनी व्यक्तिगत जानकारी, फ्लाइट डिटेल और मोबाइल नंबर दर्ज करें। इसके बाद ओटीपी के जरिए मोबाइल नंबर का सत्यापन करना होगा।

4. हेल्थ डिक्लेरेशन पूरा करें पिछले 21 दिनों की यात्रा का विवरण देना होगा। यदि आपने DRC, युगांडा या दक्षिण सूडान की यात्रा नहीं की है और इबोला से जुड़े कोई लक्षण नहीं हैं, तो 'None of the Above' विकल्प चुनना होगा।

5. कन्फर्मेशन सेव करें फॉर्म जमा करने के बाद प्राप्त कन्फर्मेशन नंबर और ईमेल की कॉपी डाउनलोड या स्क्रीनशॉट के रूप में सुरक्षित रखें। भारत पहुंचने पर इमिग्रेशन के दौरान इसकी जरूरत पड़ सकती है।

इबोला के लक्षण दिखें तो तुरंत करें संपर्क

यदि भारत आने के 21 दिनों के भीतर इबोला से जुड़े लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और अपनी हालिया यात्रा की जानकारी स्वास्थ्य अधिकारियों को दें। सहायता के लिए राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1075 पर कॉल या संबंधित स्वास्थ्य विभाग से संपर्क किया जा सकता है।

क्या है इबोला वायरस?

इबोला एक गंभीर और जानलेवा वायरल बीमारी है, जिसका हालिया प्रकोप अफ्रीका के डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो और युगांडा में सामने आया है। इसी खतरे को देखते हुए भारत सरकार ने एहतियाती कदम के तौर पर Air Suvidha 2.0 पोर्टल दोबारा शुरू किया है।