Aadhaar लिंक नहीं तो अटक सकता है DBT पैसा, PM Kisan से सब्सिडी तक पर असर
सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे खाते में पहुंचाने के लिए अब DBT सिस्टम सबसे बड़ा माध्यम बन चुका है। लेकिन लाखों लोग सिर्फ एक छोटी सी तकनीकी गलती की वजह से सब्सिडी, पेंशन और किसान सम्मान निधि जैसी सुविधाओं से वंचित हो रहे हैं। सबसे बड़ी वजह बैंक खाते का Aadhaar से लिंक न होना या गलत जानकारी होना है। कई मामलों में पैसा जारी हो जाता है, लेकिन खाते में पहुंचने से पहले ही ट्रांजैक्शन फेल हो जाता है।
ऐसे में Aadhaar-Bank Linking Status चेक करना अब सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि जरूरी प्रक्रिया बन गया है। खासकर उन लोगों के लिए जो DBT आधारित योजनाओं पर निर्भर हैं।
DBT सिस्टम में आधार लिंकिंग क्यों जरूरी
केंद्र और राज्य सरकार की ज्यादातर योजनाएं अब डायरेक्ट बेनेफिट ट्रांसफर (DBT) मॉडल पर काम कर रही हैं। इसका मकसद बिचौलियों को हटाकर पैसा सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजना है। इसके लिए आधार नंबर को बैंक खाते से जोड़ना अनिवार्य किया गया है। अगर लिंकिंग सही नहीं होगी तो सिस्टम लाभार्थी की पहचान सत्यापित नहीं कर पाएगा और भुगतान अटक सकता है। इसमें पीएम किसान, एलपीजी सब्सिडी, स्कॉलरशिप, पेंशन और राशन जैसी योजनाओं में यह प्रक्रिया बेहद अहम मानी जा रही है।
अन्नपूर्णा भंडार DBT के बाद बढ़ी लोगों की चिंता
पश्चिम बंगाल सरकार की Annapurna Bhandar DBT योजना के बाद बड़ी संख्या में लोग आधार लिंकिंग स्टेटस चेक कर रहे हैं। इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता सीधे खाते में भेजी जानी है। इसी वजह से लोग यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि उनका बैंक अकाउंट DBT के लिए एक्टिव है या नहीं। कई यूजर्स को तब परेशानी पता चलती है जब पैसा आने के बावजूद खाते में क्रेडिट नहीं होता। विशेषज्ञों का कहना है कि समय रहते बैंक और आधार रिकॉर्ड अपडेट कर लेना सबसे सुरक्षित तरीका है।
घर बैठे ऐसे चेक करें लिंकिंग स्टेटस
UIDAI की वेबसाइट पर जाकर कोई भी व्यक्ति आसानी से आधार नंबर और बैंक लिंकिंग स्टेटस देख सकता है। इसके लिए Aadhaar Services सेक्शन में जाकर 'Check Aadhaar & Bank Account Linking Status' विकल्प चुनना होता है। फिर आधार नंबर दर्ज कर OTP वेरिफिकेशन पूरा करना पड़ता है। वेरिफिकेशन के बाद स्क्रीन पर यह जानकारी दिख जाती है कि कौन सा बैंक खाता Aadhaar से लिंक है और DBT के लिए एक्टिव है या नहीं।
मोबाइल से भी आसानी से हो जाएगा काम
अब यह प्रक्रिया सिर्फ कंप्यूटर तक सीमित नहीं रही। mAadhaar App और मोबाइल ब्राउजर के जरिए भी लिंकिंग स्टेटस चेक किया जा सकता है। इसके लिए जरूरी है कि आपका मोबाइल नंबर आधार रिकॉर्ड में अपडेट हो। अगर पुराना नंबर दर्ज होगा तो OTP नहीं आएगा और वेरिफिकेशन रुक जाएगा। यही वजह है कि UIDAI लगातार लोगों को आधार डिटेल्स अपडेट रखने की सलाह देता रहा है।
बैंक खाते में पैसा नहीं आने की ये वजह
कई बार योजना का पैसा जारी होने के बाद भी खाते में नहीं पहुंचता। इसके पीछे सबसे सामान्य कारण आधार और बैंक रिकॉर्ड में मिसमैच होता है। नाम की स्पेलिंग अलग होना, जन्मतिथि में गलती या मोबाइल नंबर अपडेट न होना वेरिफिकेशन फेल करा सकता है। ऐसे मामलों में DBT भुगतान अटक जाता है। अगर Linking Status में समस्या दिख रही है तो बैंक जाकर आधार सीडिंग करवाना जरूरी हो जाता है। कई बैंक नेटबैंकिंग, एटीएम और मोबाइल बैंकिंग के जरिए भी यह सुविधा दे रहे हैं।
आने वाले समय में और बढ़ेगी व्यवस्था
डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार DBT मॉडल को विस्तार दे रही है। इसका असर आने वाले समय में और ज्यादा योजनाओं में दिखाई देगा। ऐसे में लाभार्थियों के लिए जरूरी हो गया है कि वे सिर्फ योजना में आवेदन भरकर न रुकें, बल्कि बैंक और Aadhaar रिकॉर्ड भी समय-समय पर जांचते रहें। विशेषज्ञ मानते हैं कि छोटी तकनीकी गलतियां भविष्य में बड़ी आर्थिक परेशानी का कारण बन सकती हैं, खासकर उन परिवारों के लिए जो सरकारी सहायता पर निर्भर हैं।