जिम्बाब्वे ने दूसरे वर्ल्ड चैंपियन श्रीलंका को 6 विकेट से हराया, अब सुपर-8 में भारत से होगी टक्कर
नई दिल्लीः आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में लीग मैच के आखिरी दौर में रोचक मुकाबला देखने को मिला। ग्रुप बी की टीम जिम्बाब्वे लगातार हैरान कर रही है। टीम ने लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन टीम को हराकर सबको चौंका दिया है। गुरुवार को खेले गए मुकाबले में उसने श्रीलंका को 6 विकेट से मात दी।
इससे पहले 13 फरवरी को जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराया था। अफ्रीकी टीम टूर्नामेंट में अब तक अजेय है और सुपर-8 में 23 फरवरी को वेस्टइंडीज से भिड़ेगी, जबकि 26 फरवरी को उसका सामना इंडिया से होगा। आईसीसी रैंकिंग में 11वें स्थान पर काबिज जिम्बाब्वे ने अपने प्रदर्शन से सबका ध्यान खींच लिया है।
179 रन का लक्ष्य किया हासिल
179 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे ने 19.3 ओवर में 4 विकेट खोकर जीत दर्ज की। ओपनर ब्रायन बेनेट ने महीश तीक्षणा की गेंद पर चौका लगाकर मैच खत्म किया। बेनेट 48 गेंदों पर 63 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें 8 चौके शामिल थे। कप्तान सिकंदर रजा ने 45 रन जोड़े, जबकि तदिवानाशे मारुमनी ने 34 रन का योगदान दिया। श्रीलंका की ओर से दशुन हेमंथा ने 2 विकेट हासिल किए।
श्रीलंका की अच्छी शुरुआत बेअसर
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 178 रन बनाए। ओपनर पथुम निसांका ने 41 गेंदों पर 62 रन की दमदार पारी खेली, जिसमें 8 चौके शामिल रहे। पवन रत्नायके ने 44 रन बनाए। जिम्बाब्वे के तीन गेंदबाजों को 2-2 विकेट मिले, जबकि एक सफलता रायन बर्ल को मिली।
निसांका की फिफ्टी गई बेकार
निसांका की अर्धशतकीय पारी के बावजूद श्रीलंका जीत दर्ज नहीं कर सका। जिम्बाब्वे ने संयमित बल्लेबाजी और सधी गेंदबाजी से मैच अपने नाम कर लिया।