खेल

अल्काराज की शानदार फॉर्म जारी, सबालेंका और राडुकानु ने भी तीसरे दौर में बनाई जगह

Wimbledon 2025 Update: विंबलडन 2025 के तीसरे दिन डिफेंडिंग चैंपियन कार्लोस अल्काराज ने एक और दमदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट के तीसरे दौर में जगह बना ली। अल्काराज ने ब्रिटिश एमेच्योर खिलाड़ी ऑलिवर टारवेट को सीधे सेटों में 6-1, 6-4, 6-4 से हराया। महज दो घंटे 17 मिनट में जीत दर्ज कर अल्काराज ने अपनी फॉर्म का जोरदार प्रदर्शन किया। यह उनकी लगातार 20वीं जीत रही, जिसमें रोम मास्टर्स, फ्रेंच ओपन और क्वींस क्लब जैसे खिताब शामिल हैं।

 दिग्गजों की लिस्ट में शामिल होना चाहते हैं अल्काराज

कार्लोस अल्काराज का लक्ष्य इस साल विंबलडन 2025 में लगातार तीसरा खिताब जीतना है। अगर वह इसमें सफल होते हैं तो वह ओपन एरा के उन दिग्गज खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो जाएंगे जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है। इस लिस्ट में अब तक ब्योर्न बोर्ग, पीट सम्प्रास, रोजर फेडरर और नोवाक जोकोविच जैसे महान टेनिस सितारों के नाम शामिल हैं।

विंबलडन इतिहास की बात करें तो रोजर फेडरर सबसे सफल खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 8 बार यह प्रतिष्ठित खिताब जीता है। वहीं पीट सम्प्रास और नोवाक जोकोविच ने 7-7 बार विंबलडन ट्रॉफी अपने नाम की है। अल्काराज अब इस गौरवशाली क्लब की ओर कदम बढ़ा रहे हैं।

 95 मिनट में बनाई तीसरे दौर में जगह

विमेंस सिंगल्स के मुकाबले में विश्व की टॉप खिलाड़ियों में शामिल आर्यना सबालेंका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरे दौर में जगह बना ली है। सबालेंका ने 48वीं रैंक की चेक रिपब्लिक की खिलाड़ी मैरी बौजकोवा को 7-6 (7/4), 6-4 से हराया। यह मुकाबला करीब 95 मिनट तक चला, जिसमें सबालेंका ने कुल 41 विनर शॉट्स लगाए।