जिम्बाब्वे-आयरलैंड मैच बारिश से रद्द हुआ। एक-एक अं

बारिश ने बदला पूरा खेल: जिम्बाब्वे को मिला सुपर-8 का टिकट, ऑस्ट्रेलिया T20 वर्ल्ड कप से बाहर

Australia Knocks Out In T20 World Cup

नई दिल्लीः श्रीलंका में हुई बारिश ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पूरा गणित बदल दिया। जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच होने वाला मुकाबला लगातार बारिश की भेंट चढ़ गया। पूरा मैच बिना एक भी गेंद के नतीजे के खत्म हुआ। इस ‘नो रिजल्ट’ ने जिम्बाब्वे की झोली में एक अहम अंक डाल दिया। वहीं, ऑस्ट्रेलिया का टूर्नामेंट से बाहर होना तय हो गया।

एक अंक बना सुपर-8 का पास

दरअसल, आईसीसी टी20 वर्ल्डकप के तहत पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच मैच खेला जाना था। लेकिन बारिश के कारण इसे रद्द कर दिया गया। इसके चलते दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला है। इस मिले अंक से इस टूर्नामेंट के बी ग्रुप में जिम्बाब्वे के 5 अंक हो गए हैं। जो उसे सुपर8 में पहुंचाने के लिए काफी हैं।

दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया अपना आखिरी मुकाबला खेलने के बाद भी अधिकतम चार अंक तक ही पहुंच सकता था। इसलिए उसकी उम्मीदें यहीं खत्म हो गईं।

श्रीलंका की जीत ने पहले ही बिगाड़ा खेल

ऑस्ट्रेलिया की राह एक दिन पहले ही मुश्किल हो चुकी थी, जब उसे श्रीलंका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। उस मैच में पथुम निसंका की शानदार शतकीय पारी ने श्रीलंका को बड़ी जीत दिलाई और टीम ने सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली।

ऑस्ट्रेलिया को इससे पहले जिम्बाब्वे के हाथों भी शिकस्त मिली थी। उसकी इकलौती जीत आयरलैंड के खिलाफ आई थी, लेकिन वह अभियान बचाने के लिए नाकाफी साबित हुई।

ग्रुप से कौन-कौन पहुंचा आगे?

इस ग्रुप से श्रीलंका और जिम्बाब्वे ने अगले दौर में प्रवेश किया। ओमान पहले ही बाहर हो चुका था, जबकि आयरलैंड भी ‘नो रिजल्ट’ के बाद रेस से बाहर हो गया।

अन्य ग्रुपों से भारत, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका,न्यूजीलैंड और वेस्ट इंडीज पहले ही सुपर-8 में पहुंच चुके हैं। वहीं, आखिरी स्थान के लिए पाकिस्तान और यूएसए के बीच जंग होना बाकी है। भारत से मिली हार के बाद पाकिस्तान का नमीबिया से होने वाला मुकाबला करो या मरो का होने वाला है।

बारिश ने खत्म किए सारे समीकरण

वहीं, श्रीलंका से मिली हार के बाद ऑस्ट्रेलिया को उम्मीद थी कि आयरलैंड, जिम्बाब्वे को हरा देगा और वह अपने अंतिम मैच में ओमान पर बड़ी जीत दर्ज कर नेट रन रेट सुधार लेगा। लेकिन मौसम ने सारे समीकरण ध्वस्त कर दिए। एक रद्द मैच ने टूर्नामेंट में बड़ा उलटफेर कर दिया और किस्मत ने जिम्बाब्वे को सुपर-8 का टिकट थमा दिया।