आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस पर कनकशन सब के गलत उ

क्या है क्रिकेट में कनकशन नियम, MI पर लगा गलत उपयोग का आरोप, क्या बोले टीम कोच

Cricket News

आईपीएल 2026 के बीच पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस एक नए विवाद में घिर गई है। टीम पर कनकशन सब नियम के कथित गलत इस्तेमाल का आरोप लगा है। यह मामला चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान सामने आया, जिसने क्रिकेट जगत में बहस छेड़ दी है। हालांकि इस मामले में टीम के कोच का बयान भी सामने आया है। जानिए जयवर्धने क्या बोले?

मैच के दौरान क्या हुआ

दरअसल, गुरुवार को खेले गए मुकाबले में जसप्रीत बुमराह की गेंद पर कैच लेते समय मिचेल सैंटनर चोटिल हो गए। उन्हें कंधे में चोट लगी और मैदान से बाहर ले जाया गया। इसके बाद मुंबई इंडियंस ने सैंटनर की जगह शार्दुल ठाकुर को उतारने की अनुमति मांगी, जिसे मैच रेफरी ने मंजूरी दे दी। यहीं से विवाद शुरू हुआ। क्रिकेट विशेषज्ञों और पूर्व खिलाड़ियों ने सवाल उठाया कि क्या यह बदलाव नियमों के अनुरूप था।

क्यों उठा विवाद

आईपीएल के नियमों के अनुसार कनकशन सब केवल तब ही लागू होता है जब खिलाड़ी को सिर या गर्दन में चोट लगे। जबकि सैंटनर की चोट स्पष्ट रूप से कंधे पर दिखाई दी। इसके बावजूद टीम मैनेजमेंट ने न्यूरोलॉजिकल लक्षणों का हवाला देते हुए कनकशन सब की मांग की थी। 

टीम की इस मांग को मान लेने के बाद इस फैसले ने कई सवाल खड़े कर दिए। जो इस प्रकार से हैंः

क्या सैंटनर को वास्तव में कनकशन हुआ था? क्या शार्दुल ठाकुर ‘like-to-like’ रिप्लेसमेंट माने जा सकते हैं? क्या नियमों की सही तरीके से समीक्षा हुई?

आईसीसी नियम क्या कहते हैं

आईसीसी के कनकशन सब नियम के अनुसार, खिलाड़ी को कनकशन होने या संदेह होने पर तुरंत बदला जा सकता है। हालांकि, मेडिकल जांच के बाद निर्णय लिया जाता है। खिलाड़ी मैदान छोड़ने के बाद भी लक्षण दिखने पर सब लिया जा सकता है। हालांकि, इस नियम का उद्देश्य खिलाड़ी की सुरक्षा है, न कि रणनीतिक लाभ लेना।

कोच महेला जयवर्धने की सफाई

मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सैंटनर को कैच लेते समय गर्दन और कंधे दोनों में चोट लगी थी। उन्होंने बताया कि टीम ने नियमानुसार आवेदन किया और मैच रेफरी ने शार्दुल ठाकुर को अनुमति दी। उनकी सफाई के बावजूद विवाद पूरी तरह शांत नहीं हुआ है।

मैच का परिणाम और असर

इस पूरे विवाद के बीच मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन भी कमजोर रहा। टीम को चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ 103 रन से हार का सामना करना पड़ा, जो आईपीएल इतिहास में सीएसके के खिलाफ उनकी सबसे बड़ी हार मानी जा रही है। यह मामला अब केवल एक मैच तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आईपीएल में नियमों के पारदर्शी उपयोग और निगरानी पर भी सवाल खड़े कर रहा है।