IPL 2026 से पहले LSG टीम अयोध्या राम मंदिर पहुंची।

IPL से पहले LSG की आस्था यात्रा: राम मंदिर पहुंचे पंत-गोयनका, फैंस में सेल्फी का क्रेज

आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाड़ियों ने अयोध्या में रामलला के दर्शन किए। टीम के कप्तान ऋषभ पंत और मालिक संजिव गोयनका भी इस दौरान मौजूद रहे। शनिवार को टीम के खिलाड़ी सुबह तड़के दो बसों में अयोध्या पहुंचे। राम मंदिर में सभी खिलाड़ियों और स्टाफ ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और रामलला के दर्शन किए। दर्शन के बाद मंदिर की सीढ़ियों पर कप्तान ऋषभ पंत और मालिक संजीव गोयनका एक-दूसरे के गले मिले, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गईं।

खिलाड़ियों और स्टाफ की मौजूदगी

इस दौरान टीम के कई खिलाड़ी और कोचिंग स्टाफ भी मौजूद रहे, जिनमें तेज गेंदबाज मयंक यादव, नमन तिवारी, प्रिंस यादव, मुकुल चौधरी, अर्शिन कुलकर्णी के साथ हेड कोच जस्टिन लैंगर और डायरेक्टर टॉम मूडी शामिल रहे। मंदिर प्रशासन की ओर से सभी खिलाड़ियों को प्रसाद और पीले रंग का रामनामी पटका भेंट किया गया।

फैंस में जबरदस्त उत्साह

दर्शन के बाद जैसे ही खिलाड़ी मंदिर परिसर से बाहर निकले, फैंस उनके साथ सेल्फी लेने के लिए उत्साहित दिखे। खासकर ऋषभ पंत के साथ फोटो लेने के लिए लोगों में खासा क्रेज देखने को मिला। खिलाड़ियों ने भी फैंस का अभिवादन स्वीकार किया और मंदिर परिसर में ग्रुप फोटो के साथ-साथ व्यक्तिगत तस्वीरें भी खिंचवाईं।

IPL से पहले टीम का आध्यात्मिक दौरा

आईपीएल से पहले इस तरह का धार्मिक दौरा टीम के लिए सकारात्मक शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। खिलाड़ियों ने भगवान राम का आशीर्वाद लेकर आगामी सीजन के लिए तैयारी का संदेश दिया है।