BCCI ने संकेत दिए हैं कि IPL 2027 मार्च में शुरू ह

IPL 2027 मार्च में होगा शुरू, BCCI ने बदली रणनीति; गर्मी और बारिश बनी वजह

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का अगला सीजन तय समय से करीब एक सप्ताह पहले शुरू हो सकता है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (Board of Control for Cricket in India) के सचिव Devajit Saikia ने संकेत दिए हैं कि IPL 2027 का आयोजन 10 मार्च से 15 मई के बीच किया जा सकता है। बोर्ड का मानना है कि बढ़ती गर्मी और प्री-मानसून बारिश के कारण टूर्नामेंट की समय-सारिणी में बदलाव आवश्यक हो गया है।

क्यों बदली जा रही है IPL की विंडो?

पीटीआई से बातचीत में देवजीत सैकिया ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में मई के दूसरे पखवाड़े में देश के कई हिस्सों में अत्यधिक गर्मी और बारिश देखने को मिल रही है। इसका असर खिलाड़ियों, दर्शकों और आयोजन पर पड़ता है।  उन्होंने कहा कि IPL आमतौर पर मार्च के अंतिम सप्ताह में शुरू होकर मई के अंत तक चलता है, लेकिन मौसम की चुनौतियों को देखते हुए अब इसे पहले शुरू करने पर विचार किया जा रहा है।

मैचों की संख्या नहीं बढ़ेगी

हाल के वर्षों में IPL में मैचों की संख्या 74 से बढ़ाकर 94 किए जाने की चर्चा थी, लेकिन BCCI ने फिलहाल इस योजना को आगे नहीं बढ़ाने का संकेत दिया है।सैकिया के अनुसार व्यस्त अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कार्यक्रम को देखते हुए फिलहाल टूर्नामेंट में अतिरिक्त मैच जोड़ना व्यावहारिक नहीं है। इसका मतलब है कि आगामी सीजन में मैचों की संख्या मौजूदा प्रारूप के आसपास ही रहने की संभावना है।

एबी कुरुविला को सौंपी गई जिम्मेदारी

BCCI सचिव ने बताया कि बोर्ड और IPL गवर्निंग काउंसिल इस विषय पर लगातार विचार-विमर्श कर रहे हैं। साथ ही गेम्स डेवलपमेंट महाप्रबंधक Aby Kuruvilla को संभावित विंडो और शेड्यूल विकल्पों पर काम करने का निर्देश दिया गया है।

घरेलू क्रिकेट कैलेंडर में भी बदलाव संभव

यदि IPL मार्च के दूसरे सप्ताह में शुरू होता है, तो भारतीय घरेलू क्रिकेट सीजन के कार्यक्रम में भी संशोधन करना पड़ सकता है BCCI की कोशिश होगी कि घरेलू टूर्नामेंट 10 मार्च तक समाप्त हो जाएं, ताकि खिलाड़ियों को पर्याप्त तैयारी समय मिल सके और IPL का आयोजन बिना टकराव के शुरू किया जा सके।

मौसम बना बड़ा फैक्टर

पिछले कुछ सीजन में कई मुकाबले गर्मी और बारिश से प्रभावित हुए हैं। विशेष रूप से मई महीने में उत्तर, पश्चिम और पूर्वी भारत के कई शहरों में हीटवेव और प्री-मानसून गतिविधियां बढ़ जाती हैं। ऐसे में BCCI भविष्य की योजना बनाते समय मौसम को प्रमुख कारक के रूप में देख रहा है।