IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स का दबदबा, पॉइंट्स टेबल से लेकर ऑरेंज-पर्पल कैप तक कब्जा
आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स (RR) का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए 13वें मुकाबले में राजस्थान ने मुंबई इंडियंस (MI) को 27 रन से हराया। इस जीत के साथ टीम ने अंकतालिका में अपना शीर्ष स्थान और मजबूत कर लिया है।
प्वॉइंट्स टेबल में राजस्थान रॉयल्स नंबर वन
राजस्थान रॉयल्स ने अब तक खेले गए तीनों मैच जीतकर 6 अंक हासिल किए हैं। इसके चलते टीम पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर बनी हुई है। पंजाब किंग्स 5 अंकों साथ दूसरे स्थान पर है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स 4-4 अंकों के साथ तीसरे और चौथे स्थान पर हैं। सनराइजर्स हैदराबाद 2 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है।
वहीं, लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस भी 2-2 अंकों के साथ क्रमशः छठे और सातवें स्थान पर हैं। कोलकाता नाइटराइडर्स 1 अंक के साथ आठवें स्थान पर है। गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स अब तक अपने सभी मुकाबले हार चुके हैं और तालिका में निचले स्थान पर हैं। टीमों की रैंकिंग समान अंकों की स्थिति में नेट रन रेट के आधार पर तय की जा रही है।
ऑरेंज कैप पर यशस्वी जायसवाल का कब्जा
मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में 32 गेंदों पर 77 रन की तेज पारी खेलने वाले यशस्वी जायसवाल इस समय ऑरेंज कैप होल्डर बन गए हैं। जायसवाल ने 3 मैचों में 170 रन बनाए हैं और लगातार अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे हैं। दूसरे स्थान पर दिल्ली कैपिटल्स के समीर रिजवी हैं, जिन्होंने 2 मैचों में 160 रन बनाए हैं। आगामी मुकाबले में उनके पास जायसवाल को पीछे छोड़ने का मौका रहेगा।
पर्पल कैप भी राजस्थान के पास
गेंदबाजी में भी राजस्थान रॉयल्स का दबदबा दिख रहा है। टीम के स्पिनर रवि बिश्नोई पर्पल कैप की दौड़ में सबसे आगे हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में 2 विकेट लेने के बाद बिश्नोई के 3 मैचों में कुल 7 विकेट हो गए हैं।
गुवाहाटी में RR का ऑलराउंड प्रदर्शन
बरसापारा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मजबूत स्कोर खड़ा किया। इसके बाद गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन करते हुए मुंबई को लक्ष्य से दूर रखा। टीम का यह संतुलित प्रदर्शन ही उसे इस सीजन का सबसे मजबूत दावेदार बना रहा है।