IPL 2026: रायपुर में RCB के दो मैच, KKR मुकाबले में शाहरुख के आने की चर्चा
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर आईपीएल के रंग में रंगने जा रही है। लंबे इंतजार के बाद शहर को बड़े मुकाबलों की मेजबानी मिली है। इसके साथ ही क्रिकेट फैंस में उत्साह साफ नजर आने लगा है। आरसीबी अपने दो घरेलू मुकाबले रायपुर में खेलेगी। जिनमें एक हाई-वोल्टेज मैच भी शामिल है।
10 और 13 मई को होंगे मुकाबले
रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 10 मई को आरसीबी का मुकाबला मुंबई इंडियंस (MI) से होगा। इसके बाद 13 मई को टीम केकेआर (Kolkata Knight Riders) से भिड़ेगी। छत्तीसगढ़ में केकेआर के साथ मुकाबले को लेकर खास चर्चा है। संभावना जताई जा रही है कि टीम के मालिक शाहरूख खान रायपुर आ सकते हैं।
BCCI ने जारी किया शेड्यूल
बीसीसीआई ने IPL 2026 के दूसरे चरण का शेड्यूल जारी कर दिया है। बचे हुए 50 लीग मैच 13 अप्रैल से 24 मई के बीच खेले जाएंगे। इन मुकाबलों का आयोजन देश के 12 शहरों में होगा। इन्हीं में से एक रायपुर भी शामिल है। इससे छत्तीसगढ़ के क्रिकेट फैंस को लंबे समय बाद आईपीएल का रोमांच देखने को मिलेगा।
दर्शकों के लिए बढ़ेंगी सुविधाएं
मैचों को देखते हुए स्टेडियम में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। गोल्ड और प्लैटिनम कैटेगरी की सीटों में बेहतर सुविधाएं जोड़ी जा रही हैं, ताकि दर्शकों का अनुभव और बेहतर हो सके। छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ वीआईपी सीटों की संख्या बढ़ाने की भी तैयारी कर रहा है। हालांकि स्टेडियम की क्षमता को देखते हुए सीमित बदलाव ही संभव हैं।
सुरक्षा पर खास ध्यान
पिछले अनुभवों को ध्यान में रखते हुए इस बार सुरक्षा पर विशेष फोकस किया जा रहा है। बड़ी संख्या में दर्शकों के आने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर रहेगा। खासतौर पर विराट कोहली जैसे स्टार खिलाड़ियों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा इंतजाम और कड़े किए जा रहे हैं।
रायपुर को मैच मिलने की बड़ी वजह
दरअसल, जब IPL 2026 की तैयारियां चल रही थीं। तब बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी। 2025 में आरसीबी की जीत के बाद भगदड़ हुई। इस घटना के चलते यहां आयोजन पर सवाल खड़े हो गए थे। इसी दौरान आरसीबी प्रबंधन ने रायपुर में दो मैच कराने का वादा किया था। बाद में भले ही चिन्नास्वामी स्टेडियम को मंजूरी मिल गई, लेकिन टीम ने अपना वादा निभाने का फैसला किया।
पहले भी IPL की मेजबानी कर चुका है रायपुर
रायपुर का यह स्टेडियम पहले भी IPL मैचों की मेजबानी कर चुका है। 2016 में यहां दो मुकाबले खेले गए थे। जब दिल्ली कैपिटल्स (तब दिल्ली डेयरडेविल्स) ने इसे अपना होम ग्राउंड बनाया था। इसके बाद से ही यहां के फैंस IPL की वापसी का इंतजार कर रहे थे, जो अब जाकर पूरा होने जा रहा है।