IPL 2026 बिना ओपनिंग सेरेमनी के शुरू होगा। पिछले स

BCCI का बड़ा फैसला: IPL 2026 में नहीं होगी ओपनिंग सेरेमनी! पिछले साल हुए हादसे का असर

Cricket News

आईपीएल 2026 की शुरुआत इस बार बिना किसी तामझाम के होगी। जहां हर साल लीग का आगाज रंगारंग ओपनिंग सेरेमनी से होता था, वहीं इस बार ऐसा कुछ देखने को नहीं मिलेगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने साफ कर दिया है कि सीजन की शुरुआत सादगी के साथ होगी। बता दें कि लीग का पहला मुकाबला 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। लेकिन उससे पहले कोई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा।

बीसीसीआई ने क्यों लिया ये फैसला

बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया के अनुसार, पिछले साल हुई एक दुखद घटना को देखते हुए इस बार ओपनिंग सेरेमनी नहीं रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि बोर्ड किसी भी तरह का फॉर्मल फंक्शन या कल्चरल इवेंट आयोजन नहीं करेगा, ताकि शुरुआत शांत और सम्मानजनक तरीके से हो सके। हालांकि, सीजन के अंत में एक ग्रैंड क्लोजिंग सेरेमनी की योजना जरूर बनाई जा रही है।

पिछले साल की घटना का असर

दरअसल, 4 जून 2025 को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीती थी। इसके बाद बेंगलुरु में निकाली गई विक्ट्री परेड के दौरान स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई थी। इस हादसे में 11 लोगों की जान चली गई थी, जिसने पूरे क्रिकेट जगत को झकझोर कर रख दिया था। इसी घटना को ध्यान में रखते हुए इस बार शुरुआत को साधारण रखने का फैसला लिया गया है।

पिछले साल कैसी रही थी ओपनिंग सेरेमनी

आईपीएल 2025 की ओपनिंग सेरेमनी ईडन गार्डन्स में आयोजित हुई थी, जो काफी भव्य रही थी। इसे शाहरूख खान ने होस्ट किया था। इस दौरान दिशा पाटनी, श्रेया घोषाल और करण औजला ने शानदार परफॉर्मेंस दी थी। स्टेज पर विराट और रिंकू सिंह भी नजर आए थे।

मैच से पहले दी जाएगी श्रद्धांजलि

इस बार सीजन की शुरुआत भले सादगी से हो रही हो, लेकिन भावनाएं पहले से ज्यादा जुड़ी होंगी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और केएससीए (Karnataka State Cricket Association) ने मिलकर एक अहम फैसला लिया है। बेंगलुरु के  एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में एक स्मारक पट्टिका लगाई जाएगी। साथ ही 11 सीटों को हमेशा के लिए खाली रखा जाएगा। ये सीटें भविष्य में किसी भी इंटरनेशनल मैच में भी नहीं बेची जाएंगी। मैच शुरू होने से पहले पीड़ितों के नाम स्क्रीन पर दिखाए जाएंगे और एक मिनट का मौन भी रखा जाएगा।

फिलहाल 20 मैचों का ही शेड्यूल

आईपीएल 2026 के लिए अभी सिर्फ 20 मैचों का शेड्यूल जारी किया गया है। इसकी वजह अप्रैल और मई में होने वाले विधानसभा चुनाव बताए जा रहे हैं। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और असम जैसे राज्यों में चुनाव होने हैं। यहां भी आईपीएल के मुकाबले भी खेले जाने हैं। ऐसे में बाकी शेड्यूल बाद में जारी किया जा सकता है।